पंचकूला। नारकोटिक्स सेल की टीम ने हिमाचल प्रदेश से गांजा लाकर कालका-पिंजौर क्षेत्र में सप्लाई करने वाले एक तस्कर को तीन किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी विनोद कुमार (23) निवासी गांव टिपरा कालका का रहने वाला है। एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल ने आरोपी युवक को मल्लाह मोड़ पिंजौर से हिमशिखा कॉलोनी जाने वाले रास्ते पर फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार किया है। आरोपी गांजा बेचने की फिराक में खड़ा था। आरोपी के पास मौजूद प्लास्टिक के थैले की तलाशी लेने पर 3 किलो 155 ग्राम गांजा बरामद हुआ। जब उससे वैध लाइसेंस या दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई भी पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। आरोपी के खिलाफ थाना पिंजौर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत मामला दर्ज किया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से पूछताछ कर इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास करेगी।