संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की ओर से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इन तस्करों के नाम गुरभेज सिंह उर्फ भेजा निवासी गांव धनोए खुर्द और अभिजीत सिंह उर्फ हैप्पी निवासी गांव माहल हैं। इन तस्करों से पुलिस ने 4.5 किलो हेरोइन और 11 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्राथमिक जांच से पता लगा है कि गिरफ्तार किया गया आरोपी गुरभेज पाकिस्तान आधारित तस्कर राणा के सीधा संपर्क में था और खेप की डिलीवरी के लिए तालमेल कर रहा था। कुछ दिन पहले ही आरोपियों ने हेरोइन की खेप ड्रोन के जरिये सीमा के इस पार मंगवाई थी। इस बारे में खुफिया जानकारी मिली थी कि दोनों आरोपी शुक्रवार को हेरोइन को आगे बेचने जा रहे है।
एएनटीएफ टीम ने ट्रैप लगाया और नाकाबंदी के दौरान आरोपियों को पकड़ा गया। दोनों आरोपी एक बिना नंबर की एक्टिवा पर सवार होकर आ रहे थे। मौके पर ही तलाशी के दौरान आरोपियों से हेरोइन की खेप और ड्रग मनी बरामद की गई। फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है, ताकि इनके और भी साथियों को पकड़ा जा सके और नशे की सप्लाई चेन को तोड़ा जा सके।