पंचकूला। वर्क फ्रॉम होम के नाम पर सेक्टर-19 की महिला से 4.47 लाख रुपये की ठगी हुई है। पीड़ित ने ठगी का शिकार होने के बाद मामले की शिकायत साइबर पोर्टल पर दी। पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी दिल्ली में हुई है।
वह कई महीनों से सेक्टर-19 मायके में रह रही है। 28 मई को उसके व्हाट्सएप नंबर पर एक अनजान नंबर से मैसेज आया, जिसमें वर्क फ्रॉम होम का ऑफर दिया गया।
महिला ने शिकायत में बताया कि शुरुआत में टेलीग्राम पर एक लिंक दिया। लिंक से जुड़ने के बाद उन्हें कुछ मामूली भुगतान भी मिला, जिससे भरोसा हो गया।
इसके बाद ठगों ने इन्वेस्टमेंट के नाम पर विभिन्न खातों में पैसा ट्रांसफर करने के लिए कहा। उन्होंने 29 और 30 मई को कुल 4.47 लाख रुपये की राशि अलग-अलग खातों में जमा कर दी। जब उन्होंने कुछ समय बाद अपने पैसे निकालने की कोशिश की तो ठगों ने उनसे और पैसे मांगने शुरू कर दिए। इसके बाद महिला को ठगी होने का शक हुआ तो उन्होंने साइबर थाना सेक्टर-20 में मामला दर्ज कराया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।