पंचकूला। न्यूजीलैंड में वर्क वीजा दिलाने का झांसा देकर एक किसान से एजेंट ने 4.32 लाख रुपये ठग लिए। पीडि़त की शिकायत पर चंडीमंदिर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता नरेंद्र सिंह ने दी शिकायत में बताया कि मई 2023 में वह अपने भाई अमन कुमार के घर गया था, जहां उसकी मुलाकात मनदीप सिंह नामक व्यक्ति से हुई। मनदीप सिंह ने खुद को एजेंट बताते हुए दावा किया कि वह लोगों को वर्क परमिट, टूरिस्ट और स्टडी वीजा पर विदेश भेजता है। आरोपी ने सरकारी लाइसेंस होने का झांसा देकर फर्जी दस्तावेज और फोटो दिखाए और पीड़ित का विश्वास जीत लिया। आरोपी ने शुरू में पासपोर्ट, पैन कार्ड और आधार लेकर 50 हजार कैश लिए, फिर धीरे-धीरे गूगल पे और नकद भुगतान के माध्यम से कुल 6.27 लाख रुपये ले लिए। जब वादा पूरा नहीं हुआ तो पीडि़त ने मनदीप सिंह के खिलाफ शिकायत दी। जांच इमिग्रेशन सेल पंचकूला ने की। जांच के दौरान आरोपी ने गलती स्वीकार की और 1.95 लाख रुपये लौटा दिए लेकिन शेष 4.32 लाख रुपये अब तक वापस नहीं किए। ।