फर्जी ऑर्डर देकर चेक थमाए, बैंक में बाउंस होने पर खुला राज 6 दिन के रिमांड पर भेजे गए
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। वैक्सीन सप्लाई का झांसा देकर 4.21 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में सेक्टर-7 थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने फर्जी ऑर्डर देकर वैक्सीन उठाई और बदले में दिए गए चेक बाउंस होने पर ठगी का खुलासा हुआ।
पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान अमित खुराना, दीप सिंह और मुकेश निवासी रोहतक के रूप में हुई है। तीनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें छह दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
शिकायत के मुताबिक, 6 नवंबर 2025 को सेक्टर-32 चंडीगढ़ स्थित एक वैक्सीन कंपनी के मालिक को फोन कर आरोपी ने खुद को डॉ. प्रिंस गर्ग बताकर सिविल अस्पताल सेक्टर-6 पंचकूला के नाम पर वैक्सीन सप्लाई का ऑर्डर दिया। इसके बाद कथित कर्मचारी ने मौके पर पहुंचकर वैक्सीन ली और बदले में चेक थमा दिया।
आरोपियों ने इसी तरह डॉ. कुलदीप के नाम पर दोबारा ऑर्डर देकर चेक दिए। 10 नवंबर को तीसरी बार सेक्टर-6 मार्केट में ऑटो के जरिए वैक्सीन मंगवाई गई और एक अन्य चेक दिया गया। जब कंपनी मालिक ने चेक बैंक में जमा कराए तो वे बाउंस हो गए, जिसके बाद आरोपियों के फोन बंद मिले।
शिकायत मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। रिमांड के दौरान पुलिस उनसे पूछताछ कर अन्य सहयोगियों और ठगी के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।