पंचकूला। बागपत के छपरौली विधायक सहेंद्र सिंह चौहान की फार्च्यूनर गाड़ी खोजने में पंचकूला पुलिस फेल हो गई है। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी चोर की फोटो कैद होने के बाद पुलिस उसकी तलाश नहीं कर पाई है। पुलिस की ओर से अभी तक डंप डाटा उठाकर जांच नहीं की गई है।
बागपत जिले की छपरौली विधानसभा से विधायक सहेंद्र सिंह चौहान की सफेद रंग की फॉर्च्यूनर गाड़ी बीते 26 अप्रैल को चोरी हो गई थी। सुबह करीब साढ़े छह बजे सेक्टर-4 स्थित मकान नंबर-72 के बाहर से यह कार आरोपी ने चोरी की थी। गाड़ी चोरी होने की कॉल कंट्रोल रूम से चली इसके बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया था। इसके बाद पुलिस जवानों ने सर्च ऑपरेशन चलाया था। लेकिन कामयाबी हाथ नहीं लगी। वहीं, सेक्टर-5 थाना पुलिस ने विधायक की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की थी।
यह दी थी शिकायत
सेक्टर-5 थाना पुलिस को दी शिकायत में बागपत के भाजपा विधायक सहेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि उनका बेटा सेक्टर-4 स्थित मकान नंबर-72 में रहता है। जो पंचकूला में कारोबार करता है। इस दौरान वे अपने बेटे से मिलने के लिए आए थे। चोर घर में घंटी बजाकर घुसा था। युवक ने उनके बेटे के बारे में पूछा। वह ड्राइंग रूम में बैठ गया था। जैसे ही नौकर किचन में पानी लेने गया आरोपी युवक गाड़ी उठाकर घर से भाग गया था। इसकी फुटेज सीसीटीवी कैमरे में आ गई थी। सेक्टर-5 थाना प्रभारी रामपाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर डंप डाटा जांच कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। इस बाबत छपरौली विधायक सहेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि पुलिस की ओर से अभी तक मामले में कुछ भी नहीं किया जा सका है। हमारी ओर से उन्हें वीडियो फुटेज भी मुहैया कराई जा चुकी है। उनकी गाड़ी के ऊपर एमएलए का स्टीकर भी लगा था और उसके अंदर कुछ जरूरी कागजात समेत विधानसभा मैंबरशिप का कार्ड भी था।