मनीमाजरा में मल्टीलेवल पार्किंग बनवाने की मांग, पार्षद भी सहमत
सबहेड
मार्केट में लोगों को नहीं मिल रही वाहन खड़े करने की जगह, मुख्य सड़कों पर लगता है जाम
गोविंद परवाना
मनीमाजरा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मनीमाजरा में अब अलग-अलग जगह मल्टीलेवल पार्किंग बनाने की मांग शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने दोनों वार्डों के पार्षदों और नगर निगम के अधिकारियों से मिलकर इस मांग को पूरा करने की गुहार लगाई है। बता दें कि इलाके में मल्टीलेवल पार्किंग की मांग पहले भी की जा चुकी है लेकिन इस पर न तो किसी अधिकारी और न ही पार्षद ने ध्यान दिया। हालांकि इस बार पार्षदों इस पर सहमत हैं और प्रयास में जुट गए हैं।
स्थानीय दुकानदार सुरेंद्र बब्बर मस्तु का कहना है मनीमाजरा मेन बाजार, ओल्ड रोपड़ रोड, मोरी गेट और शांति नगर वासियों के साथ ही दूसरे सेक्टरों से आने वाले लोगों और दुकानदारों के वाहनों को पार्क करने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिलती। ऐसे में लोगों को मजबूरन अपने वाहनों को सड़क
पर खड़ा करना पड़ता है। इसके चलते मुख्य सड़कों पर अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है।
ब्लॉक कांग्रेस के उप प्रधान लंबरदार मनजीत सिंह बावा ने कहा कि मनीमाजरा में बढ़ती आबादी और बढ़ते वाहनों की तादाद को देखते हुए नगर निगम को मास्टर प्लान में ही मल्टीलेवल पार्किंग के लिए योजना तैयार करनी चाहिए थी। यही नहीं, इस मामले की ओर न तो किसी अधिकारी और न ही पार्षदों ने कभी ध्यान दिया। नगर निगम को यहां मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण करवाना ही चाहिए। हर बाजार में सबसे बड़ी समस्या पार्किंग की है। जो भी लोग इस मार्केट में आते हैं, उन्हें अपने वाहन खड़े करने के बहुत मशक्कत करनी पड़ती है।
कोट्स
कुछ दिन पहले ही निगम के एडिशनल कमिश्नर तिलक राज को राणा हवेली के पास वाली पार्किंग का दौरा करवाया था और इस जगह पर मल्टीलेवल पार्किंग बनवाने की मांग रखी है। एडिशनल कमिश्नर ने मल्टीलेवल पार्किंग की योजना तैयार करने का आश्वासन दिया है। अगली हाउस मीटिंग में इसका प्रस्ताव लाने की मांग की जाएगी।
-जगतार सिंह ढिल्लों, पार्षद, वार्ड नंबर 25
शांति नगर के पीछे एवं शिवालिक पार्क के समाने वाली पार्किंग को मल्टीलेवल पार्किंग में बदलने के लिए नगर निगम आयुक्त से मांग की जा रही है। इसके लिए आयुक्त को इस जगह का दौरा करवा कर मल्टीलेवल पार्किंग बनाने की मांग की जाएगी। इससे नगर निगम को भी आय होगी।
-विनोद अग्रवाल, पार्षद, नगर निगम वार्ड नंबर 26