यूथ कांग्रेस ने कीचड़ में बैठक कर किया प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। चंडीगढ़ युवा कांग्रेस की ओर से रविवार को गांव दड़वा में खराब और कीचड़ से भरी सड़क पर बैठकर धरना प्रदर्शन किया। चंडीगढ़ युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष प्रीति केसरी और संजीव बिरला ने बताया कि गैस कालोनी की तरफ जाने वाली सड़क थोड़ी सी बारिश के बाद ही कीचड़ से भर जाती है।
युवा कांग्रेस के साथियों ने अपने हाथों में पौधे लेकर इस कीचड़ भरी सड़क में धरना दिया। उन्होंने कहा कि हमारी सांसद इस सड़क को ठीक नहीं करवा सकतीं तो कम से कम हम इस पर पौधे लगाकर इस सड़क को बंद करना चाहते हैं ताकि लोगों को स्वच्छ वातावरण तो मिले।
युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि अगर इस सड़क को ठीक नहीं करवाया गया या इसे बंद नहीं करवाया गया तो यह किसी हादसे का कारण बन सकती है। युवा कांग्रेस के संदीप कुमार ने कहा कि हमारी सांसद किरण खेर से मांग है कि इस सड़क को तुरंत बनवाए। इस प्रदर्शन में संदीप सिंह हनी, गौरव, रवि ठाकुर ने हिस्सा लिया।