नोएडा बैंगलूरू बुल्स ने आराम से तेलूगु टाइटंस को हरा दिया
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। विवो प्रो कबड्डी लीग के छठे सीजन में मंगलवार को पहले मैच में बैंगलूरू बुल्स ने बड़े आराम से तेलूगु टाइटंस पर एक दमदार जीत हासिल कर ली। जब मैच खत्म हुआ तो स्कोर 44-28 बुल्स रहा। टाइटंस की इस हार की खास वजह उसकी रक्षापंक्ति का बहुत ही कमजोर प्रदर्शन रहा। क्योंकि उसने बुल्स के रेडराें को बहुत ही आराम से अंक लेने दिये। बुल्स की ओर से उसके युवा रेडर पवन सहरावत नंबर एक खिलाड़ी इसलिये रहे क्योंकि उन्होंने न केवल अपना सुपर टेन पूरा किया बल्कि कुल मिलाकर 13 अंक बना डाले।
इस जीत से बुल्स को यह लाभ हो गया कि उन का प्लेऑफ में जाने का रास्ता और आसान हो गया है। आज का मैच तो दोनों ही टीमें जीतने के इरादे से उतरी थी लेकिन अंत में बुल्स ने बाजी मार ली और कभी भी ऐसा नहीं लगा कि टाइटंस इस मुकाबले को जीत सकते हैं। पहले हाफ में दोनों टीमों ने एक दूसरे को आल आउट कर दिया था लेकिन दूसरा हाफ कुछ शांत रहा ।
यह अलग बात रही कि दूसरे हाफ में टाइटंस के स्टार रेडर राहुल चौधरी ने भी अपना सुपर टैन पूरा कर लिया। इस मैच का जब हाफ टाइम का खेल खत्म हुआ तो तेलूगु टाइटंस छह अंकों से बैंगलूरू बुल्स से पिछड़ रहे थे। इस हाफ के खत्म होने पर स्कोर 22-16 बुल्स के पक्ष में रहा। इस हाफ की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि दोनों टीमों ने एक दूसरे को एक बार आल आउट कर दिया। बुल्स ने तो टाइटंस को नौवें मिनट में ही आल आउट कर दिया और टाइटंस ने बुल्स को हाफ के खत्म होने से कुछ देर पहले आल आउट कर दिया।
टाइटंस की तरफ से स्टार रेडर राहुल चौधरी बहुत अच्छे से चले और उनके कारण ही उनकी टीम बुल्स को आल आउट करने में सफल रही। बुल्स की ओर से उसके कप्तान रोहित कुमार ने बहुत ही अच्छा प्रदर्शन किया और अपनी टीम को काफी अंक दिलाए।