पैनल लगवाने की अवधि खत्म, 50 प्रतिशत लोगों ही आए आगे
- अभी तक महज 3517 लोगों ने ही किए आवेदन
- शहर के कुल 7200 मकानों पर लगना है पैनल
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। शनिवार शाम को चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा सोलर पैनल लगवाने में दी गई मोहलत खत्म हो गई। अब तक महज 50 प्रतिशत लोगों ने ही सोलर पैनल लगाए हैं। ऐसे में अब सोमवार को देखना होगा, कि मामले में प्रशासन द्वारा पेनाल्टी लगाने के निर्देश जारी किए जाते हैं या फिर लोगों को राहत देते हुए इसकी समय सीमा कुछ दिनों तक बढ़ाई जाएगी। फिलहाल अनुमान यही लगाया जा रहा है कि करीब 15 दिनों की और राहत लोगों को दी जा सकती है।
जानकारी के अनुसार 3517 लोगों ने अभी तक सोलर पैनल लगवाए हैं। 500 या इससे ज्यादा गज के प्लाटों में पैनल लगवाने वाले फिलहाल 3700 के करीब लोग बचे हैं। क्रेस्ट के उच्चाधिकारी देवेंद्र दलाई का कहना है कि जिन लोगों ने अभी तक बार बार कहने के बावजूद सोलर पैनल नहीं लगवाए हैं, उनके खिलाफ आदेश न मानने को लेकर कार्रवाई की जाएगी, लेकिन सोमवार को प्रशासक व एडवाइजर के साथ मीटिंग के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि पैनल न लगवाने की असल वजह क्या है। हो सकता है कि फाइनेंशियल बर्डन की वजह से लोग पैनल न लगवा पा रहे हों या फिर छत पर पैनल लगवाने की जगह न हो। क्रेस्ट ने 17 नवंबर तक सोलर पैनल लगवा लेने का आदेश दिया था। अब इसे लगवाने के लिए कुछ और समय मिल सकता है। इस संदर्भ में क्रेस्ट के डायरेक्टर देवेंद्र दलाई का कहना है कि सोमवार को यूटी प्रशासन की मीटिंग के बाद ही कुछ कहना संभव हो पाएगा।