चौबीस घंटे से कम समय में शिकायत दूर
- मनोहर सरकार ने सोशल मीडिया शिकायत ट्रेकर से तेज की कार्रवाई
- सीएम कार्यालय से सीधे हो रही निगरानी, सुशासन में चूक पड़ सकती है भारी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री मनोहर लाल के विजन को साकार करने में जुट गई है। जनता की शिकायतों का तत्काल निवारण करने के लिए शुरू सोशल मीडिया शिकायत ट्रेकर सिस्टम पर आए मामलों के निपटारे में यह देखने को भी मिला है।
सीएम के टॉप गियर में आने पर अधिकारी भी सतर्क हो गए हैं, चूंकि हीलाहवाली पर निलंबन या चार्जशीट की गाज गिर सकती है। ट्रेकर सिस्टम के प्रभावी होने के बाद सरकारी विभागों ने 24 घंटे से भी कम समय में शिकायतों को निपटाया है। जिसे लेकर सीएम सोशल मीडिया सेल पर प्रतिक्रियाएं भी आ रही हैं। मुख्य दिक्कतों के अलावा स्ट्रीट लाइट, सड़कों की मरम्मत और ड्राइविंग लाइसेंस जैसी समस्याओं का भी समाधान त्वरित किया गया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, स्वप्निल श्रीवास्तव ने बिजली बिल में त्रुटि और गलत मीटर रीडिंग के बारे में शिकायत की थी, जिसका एक दिन में समाधान हो गया, इस पर स्वप्निल ने ट्वीट कर कार्रवाई की जानकारी भी दी। विकास यादव की सफाई संबंधी और कबीर वालिया की ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़ी शिकायत तत्काल दूर की गई। इस पर संबंधित जिलों के डीसी ने शिकायत कर्ताओं को खुद फोन भी किए। सीएम कार्यालय के अनुसार कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मुख्यमंत्री से सीधे संपर्क कर सकता है।