ताऊ देवीलाल स्टेडियम में खिलाड़ियों ने खेले अभ्यास मुकाबले, कोच अमरजीत कौर ने ड्रिब्लिंग, पासिंग और शूटिंग का कराया अभ्यास
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में बास्केटबॉल खिलाड़ियों के लिए अभ्यास मैच का आयोजन किया गया। इसमें करीब 40 खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों को अलग-अलग टीमों में बांटकर अभ्यास मुकाबले कराए गए।
बास्केटबॉल कोच अमरजीत कौर ने खिलाड़ियों को खेल की बारीकियों के साथ ड्रिब्लिंग, पासिंग, शूटिंग और टीमवर्क का अभ्यास कराया। उन्होंने खिलाड़ियों को बास्केटबॉल के नियमों की जानकारी देते हुए नियमित अभ्यास और खेल के दौरान अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
कोच अमरजीत कौर ने बताया कि अभ्यास मैच का उद्देश्य खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना और उनके खेल में सुधार लाना है। ऐसे मुकाबलों से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें वास्तविक मैच की परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन का अनुभव मिलता है। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ अभ्यास मुकाबलों में हिस्सा लिया।