पंचकूला। जिले में कोरोना संक्रमण के बुधवार को 40 नए मामले पाए गए हैं। संक्रमण का रिकवरी रेट 96.65 फीसदी तक पहुंच चुका है। अभी तक जिले में कोरोना के 10,121 संक्रमित पाए गए हैं। इसमें से 9,782 ठीक हो चुके हैं। अब सिर्फ 195 सक्रिय मामले बचे हैं। संक्रमण से मौत का आंकड़ा 144 तक पहुंच चुका है।
सीएमओ डॉ. जसजीत कौर ने बताया कि बुधवार को कोरोना संक्रमण के 40 नए मामले सामने आए हैं। इसमें 34 मामले पंचकूला के हैं। इसमें 23 पुरुष और 11 महिलाएं शामिल हैं। पंचकूला में कोरोना संक्रमण का रिकवरी रेट अब 96.65 फीसदी हो गया है। जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा टेस्ट की संख्या लगातार बढ़ाई जा रही है। जिले में रोजाना औसतन पांच सौ टेस्ट किए जा रहे हैं। कोरोना टेस्ट जांच के लिए बनाए केंद्रों के माध्यम से किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग संक्रमित मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर रहा है। सीएमओ ने बताया कि विभाग को अमरावती एनक्लेव में एक, सीआरपीएफ मेें एक, कालका में एक, मदाना में एक, पिंजौर में दो, सेक्टर-10 में एक, सेक्टर-12 ए में दो, सेक्टर-15 में दो, सेक्टर-19 में दो, सेक्टर-2 में चार, सेक्टर-20 में दो, सेक्टर-21 मेें चार, सेक्टर-24 में एक, सेक्टर-25 में एक, सेक्टर-6 में चार, सेक्टर-7 में दो, सेक्टर-8 में तीन कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।