हवाला के जरिये रुपये विदेश भेजने का आरोप, सेक्टर -5 थाना पुलिस कर रही जांच
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। घर बेचने का झांसा देकर करोड़ों की ठगी का मामला सामने आया है। सेक्टर-2 निवासी तिरलोचन सिंह की शिकायत पर सेक्टर-5 थाने में पुलिस ने करोड़ों की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने हवाला के जरिये रुपये विदेश भेजे हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आगामी जांच आर्थिक अपराध शाखा को सौंप दी है। शिकायतकर्ता तरलोचन सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आोपी प्रीत मोहिंदर सिंह, उनकी पत्नी गुरजीत बाठ और बेटे अर्जुन बाठ ने मकान बेचने के बहाने उनसे 3 करोड़ 75 लाख रुपये की रकम ठग ली। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि साजिश के तहत रजिस्ट्री के नाम पर दो अलग-अलग इकरारनामे तैयार करवाए, जिनमें से एक में कम राशि दिखाकर टैक्स बचाने और शेष रकम नकद लेने की बात कही गई थी।
आरोपी रजिस्ट्री करवाने नहीं पहुंचा
तरलोचन सिंह ने बताया कि उन्होंने आरोपी प्रीत मोहिंदर सिंह को 2 करोड़ 15 लाख रुपये नकद और 1 करोड़ 1 लाख 50 हजार रुपये बैंक ट्रांसफर के जरिये अदा किए थे। इसकी रसीद भी उपलब्ध है। इसके अलावा, 34.60 लाख रुपये टीडीएस के रूप में भी जमा कराए थे। शिकायतकर्ता ने बताया कि रजिस्ट्री की तारीख 30 सितंबर 2024 को आरोपी मौके पर नहीं आया। बाद में व्हाट्सएप के जरिये उसने कनाडा से आश्वासन दिया कि वह वापसी के बाद रजिस्ट्री करवा देगा। 4 दिसंबर 2024 को तरलोचन सिंह ने फिर बकाया रकम लेकर तहसील कार्यालय में रजिस्ट्री करवाने से इन्कार कर दिया। उसने कहा कि वह पहले दी गई नकद रकम वापस नहीं करेगा क्योंकि वह रकम हवाला के जरिये विदेश भेज चुका है। तरलोचन सिंह का आरोप है कि आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई। पुलिस केस दर्ज कर जांच में जुट गई है। पुलिस ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। इसके लिए कई आरोपियों को जांच में शामिल होने के लिए कहा है। पुलिस ने बताया कि अगर वह नहीं आएंगे तो पुलिस की ओर से जल्द ही दबिश दी जाएगी।