विद्यालय स्तर के बाद चैंपियनशिप के दूसरे चरण में हुआ आयोजन, टॉप दो टीमों का खंड स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन
प्रत्येक विद्यालय से दो टीमों ने लिया हिस्सा, स्क्रीनिंग के बाद टॉप चार टीमों ने दूसरे राउंड में किया प्रवेश
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला । निपुण हरियाणा मिशन के तहत जिला पंचकूला के 44 क्लस्टर में पजल एवं पैटर्न चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। चैंपियनशिप के दूसरे चरण में 352 विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रत्येक क्लस्टर के अंतर्गत आने वाले विद्यालयों से दो-दो टीमों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
प्रत्येक टीम में कक्षा एक का एक, कक्षा दो का एक और कक्षा तीन के दो विद्यार्थी शामिल थे। पंचकूला में निपुण के नोडल अधिकारी असिन्द्र कुमार ने बताया कि क्लस्टर स्तर की प्रतियोगिता दो राउंड में कराई गई। पहले राउंड में स्क्रीनिंग हुई, जिसके बाद टॉप चार टीमों ने दूसरे राउंड में प्रवेश किया।
टॉप दो टीमों का खंड स्तर के लिए चयन
असिन्द्र कुमार ने बताया कि ‘अपना पैटर्न स्वयं बनाएं’ प्रतियोगिता में सबसे अधिक अंक प्राप्त करने वाली दो टीमों का चयन किया गया। ये टीमें आगामी खंड स्तरीय चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगी। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुमन चौधरी ने विद्यार्थियों को खंड स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से बच्चों में तर्कशीलता, अवलोकन क्षमता और समस्या समाधान कौशल का विकास होता है।