संवाद न्यूज एजेंसी
पठानकोट। शहर की जोधामल काॅलोनी में 33 केवी बिजली की हाई वोल्टेज तार टूटकर गिरने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। इससे मोहल्ला निवासी भी इस भयानक मंजर को देख सहम गए। घटना शुक्रवार सुबह 9:30 बजे के करीब है।
राहत की बात यह है कि जब बच्चे स्कूल चले गए उसके बाद यह घटना घटी। स्थानीय लोगों ने इस घटना के बाद तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी।
एक महिला भी अपने घर के बाहर खड़ी थी, अचानक एक 33 केवी बिजली की तार महिला के निकट आ गिरी। जैसे ही तार नीचे गिरी तो कई वाहन भी तार की चपेट में आ गए। हालांकि महिला बाल-बाल बच गई। वहीं, लोगों के घरों में लगे बिजली के उपकरण जैसे स्विच, चार्जिंग, मीटर बाक्स, फ्रिज समेत कई सामान जलकर खाक हो गया। लोगों ने कहा कि बिजली विभाग को भी इस संबंधी सूचित किया लेकिन कर्मचारी हादसे के एक घंटे बाद मौके पर पहुंचे।
लोगों ने मांग की कि इन बिजली की 33 केवी हाई वोल्टेज तारों को कहीं और शिफ्ट किया जाए ताकि भविष्य में कोई जानी माली नुकसान न हो। दूसरी तरफ बिजली विभाग के कर्मचारी ने कहा कि बिजली विभाग की तारों की लाइन घर बनने से पहले निकली हुई है और अब लोगों ने तारों के नीचे घर बना रखे हैं। फिलहाल उन्हें आदेश मिला है कि बिजली सप्लाई बहाल की जाए।