लोकसभा चुनाव-2019
सिने स्टॉर आयुष्मान खुराना बने स्टेट आईकॉन
- शहर के लोगों को मतदान के लिए करेंगे जागरूक
- अभी तीन और शख्सियतों का होना है चयन
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। लोकसभा चुनाव 2019 में मतदाताओं को अधिक से अधिक मतदान के लिए जागरूक करने को चंडीगढ़ निर्वाचन आयोग ने सिने स्टार आयुष्मान खुराना को स्टेट आईकॉन बनाया है। चंडीगढ़ प्रशासन लोकतंत्र के उत्सव में हर किसी की भागेदारी को सुनिश्चित करने केलिए अभी तीन और शख्सियतों का चयन करेगा। इसके लिए चंडीगढ़ प्रशासन ऐसे लोगों के नामों पर विचार कर रहा है।
इस संदर्भ में डिप्टी कमिश्नर मनदीप सिंह बराड़ ने बताया कि शहर के सेक्टर-7 में रहने वाले सिने स्टार आयुष्मान खुराना को स्टेट आईकॉन नियुक्त किया गया है। स्टेट आईकॉन के रूप में ऐसे युवा प्रतिभा का चयन किया जाना था, जो शहर वासियों और युवाओं में अपने कार्यों को लेकर रोल मॉडल के रूप में जाना जाता हो। स्टेट आईकॉन शहर में एक तरह से ब्रांड अंबेस्डर के रूप में कार्य करते हुए युवाओं और शहरवासियों को मतदान के लिए प्रेरित करेंगे। प्रशासन लोकसभा चुनाव में आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने केलिए कई और कदम उठा सकता है।
एक माह पूर्व चीफ इलेक्शन कमिश्नर ऑफ इंडिया ने चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा के इलेक्ट्रॉल अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इस बैठक में शांतिपूर्ण चुनाव कराने, नए मतदाताओं की सूची अपडेट से लेकर अधिक से अधिक मतदान के लिए लोगों को जागरूक करने को लेकर स्टेट आईकॉन नियुक्त करने पर चर्चा की गई थी। इसके बाद चंडीगढ़ निर्वाचन आयोग ने अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने को स्टेट आईकॉन नियुक्त करने का फैसला लिया था।