शहर की सड़कें वाहनों से भरीं, पार्किंग का नहीं है कोई इंतजाम
मनीमाजरा निवासियों ने कहा-घरों में बेसमेंट बनवाने की इजाजत मिले तो ही राहत
गोविंद परवाना
मनीमाजरा। शहर के बाजार और अन्य सड़कों पर रात-दिन लोगों के दो और चारपहिया वाहन खड़े रहते हैं। इससे सड़कों से निकलने की जगह घटती जा रही है। सड़क के दोनों ओर गाड़ियां खड़ी रहने से ओल्ड रोपड़ रोड जैसी मुख्य सड़क पर हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है। सड़कों का हाल देखकर स्थानीय लोगों और व्यापारियों का कहना है कि पार्षद महोदय सबसे पहले पार्किंग स्थल बनवाने का प्रयास करें। लोगों ने कहा कि उन्हें बेसमेंट बनवाने की परमिशन भी मिले ताकि लोग बेसमेंट में वाहन खड़े कर सकें।
कोट..
मनीमाजरा के लोगों और व्यापारियों के लिए अपने वाहन खड़े के लिए जगह नहीं है। व्यापारी कहां जाएं। मजबूरन वाहन सड़कों पर खड़े करने पड़ते हैं। मनीमाजरा मार्केट के पास कम से कम दो और हर एरिया के साथ मल्टी लेवल पार्किंग बनाई जानी चाहिए।
-मलकीत सिंह, प्रधान मनीमाजरा व्यापार मंडल मनीमाजरा
सड़कों पर गाड़ियां खड़ी रहने से बाजारों को जाने वाले रास्ते तंग हो गए हैं। बाहर के ग्राहकों ने मनीमाजरा में आना छोड़ दिया है क्योंकि पार्किंग के लिए जगह नहीं मिलती है। मनीमाजरा की सड़कों पर पहले से गाड़ियां खड़ी होती हैं। इसका सीधा असर कारोबारियों पर पड़ता है।
-प्रदीप बागरा, वार्ड प्रधान
अब समय आ गया है कि नगर निगम बेसमेंट बनाने की इजाजत दे। हर घर में दो से चार वाहन हैं। लोगों ने 5 से लेकर 10 कमरे किराये पर दे रखे है। किरायेदारों के पास भी गाड़ियां हैं। अगर ऐसा न किया गया तो सड़क से निकालने को जगह नहीं मिलेगी। वाहन ही खड़े नजर आएंगे।
-सुरजीत सिंह ढिल्लों, कांग्रेस नेता
हर एरिया के बाहर बहुत सारी जगह खाली पड़ी है। इन जगहों पर कम से कम बेसमेंट के साथ दो मंजिला पार्किंग स्थल बनाया जाना चाहिए। क्याेंकि बेसमेंट में उन लोगों की गाड़ी खड़ी हो सकती है, जिन्होंने सप्ताह बाद अपनी गाड़ी को लेकर कहीं जाना होता है। इसके साथ शांति नगर में बने पार्किंग स्थल को भी मल्टी लेवल पार्किंग में जल्द तबदील किया जाना चाहिए। यहां बने पार्किंग स्थल के भर जाने के बाद भी बाहर सड़क पर रात दिन गाड़ियां खड़ी रहती हैं। इस बारे में जनता की ओर से चुने गए पार्षदों को ध्यान देना चाहिए। वे नगर निगम में एजेंडा रखकर कोई हल निकालें।
-रामेश्वर गिरि, समाजसेवी
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत दिल्ली में लागू नोटिफेकशन चंडीगढ़ में भी जल्द लागू हो जाएगी। इसमें ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग बनाने वाले को एक मंजिल ऊपर बनाने की इजाजत मिलेगी। इस नोटिफेकशन के बाद घरों के नीचे पार्किंग में गाड़ियां खड़ी करने पड़ेंगी। सड़क पर किसी को गाड़ी ख़ड़ी करने की कोई अनुमति नहीं होगी। इसके साथ मार्केट के आसपास और अन्य जगहों पर पार्किंग स्थल बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
-जगतार सिंह जग्गा, पार्षद, वार्ड नंबर 25