तेज बारिश से प्राइमरी स्कूल पर गिरा पहाड़ी का मलबा
रात का समय होने के कारण नहीं हुआ कोई हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
कीरतपुर साहिब। रविवार रात को हुई भारी बरसात के कारण गांव मौड़ा के सरकारी प्राइमरी स्कूल के इमारत के पीछे सटे पहाड़ का मलबा गिर जाने से स्कूल की इमारत को काफी नुकसान हुआ है। गौरतलब है कि उक्त हादसा रात को उस समय हुआ जिस समय स्कूल में कोई छात्र या शिक्षक मौजूद नहीं थे। नहीं तो हादसा जानलेवा हो सकता था।
बीपीओ श्री आनंदपुर साहिब कमलजीत सिंह भल्लडी ने बताया कि सुबह उन्हें तकरीबन 8:30 बजे स्कूल की इमारत पर पहाड़ी का मलवा गिरने की सूचना मिली। इसके बाद उन्होंने तुरंत उक्त स्कूल में पहुंच कर मौका देखा। इस दौरान स्कूल में सुबह पहुंचे शिक्षक हरजिंदर सिंह ने उन्हें बताया कि जब वह सुबह स्कूल में पहुंचे तो स्कूल की इमारत के साथ सटी पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा दो कमरों पर गिरा हुआ था। इसके चलते दो कमरों की दीवारें टूटने के साथ-साथ बरामदे में भी दरारें आ गईं।
भल्लडी ने बताया कि गनीमत रही कि हादसा रात के समय हुआ, जिसके चलते कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि हादसे के संबंध में अपनी एक पूरी रिपोर्ट तैयार करके अधिकारियों को भेज दी है।