स्वाइन फ्लू के दो और केस सामने आए
एक छह माह का बच्चा, दूसरा 49 साल का व्यक्ति
जीएमएसएच 16 ने आइसोलेशन वार्ड तैयार किया
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
स्वाइन फ्लू के दो और केस सामने आए हैं। इनमें एक 49 साल का व्यक्ति है, जबकि दूसरा केस छह माह का बच्चा। युवक को जीएमसीएच- 32 में भर्ती कराया गया है, जबकि बच्चे को मैक्स मोहाली में। दोनों की हालत ठीक है। 49 वर्षीय व्यक्ति सेक्टर- 32 का रहने वाला है। उसकी कोई ट्रैवलिंग हिस्ट्री नहीं है। वह चाय की दुकान चलाता है। जबकि छह महीने का बच्चा सेक्टर 35 का रहने वाला है। उसकी मां की ट्रेवलिंग हिस्ट्री है। बच्चे की मां कुछ दिन पहले हिमाचल गई थी। इस सीजन में अब तक कुल चार केस सामने आए हैं। गर्मियों के सीजन में स्वाइन फ्लू के केस सामने आने से हेल्थ एक्सपर्ट भी अलर्ट हो गए हैं। जीएमएसएच 16 में आइसोलेशन वार्ड बना दिए गए हैं। हेल्थ टीम कर दी गई है। ताकि किसी तरह की कोई दिक्कत न आए। स्वाइन फ्लू का एक केस शुक्रवार को आया था, जबकि पहला केस पिछले महीने। इस प्रकार अब तक कुल चार केस सामने आ चुके हैं।
स्वाइन फ्लू के लक्षण
नाक का लगातार बहना, छींक आना
ठंड लगना और लगातार खांसी
मासपेशियों में दर्द या अकड़न
सिर में भयानक दर्द
नींद न आना, ज्यादा थकान
दवा खाने पर भी बुखार का लगातार बढ़ना
गले में खराश का लगातार बढ़ते जाना
बचाव
स्वाइन फ्लू का वायरस तेजी से फैलता है। कई बार मरीज के आसपास रहने वाले लोगों और तीमारदारों को चपेट में ले लेता है। लिहाजा किसी में स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखे तो उससे दूरी बना लें। भीड़ से बचने की कोशिश करें। स्वाइन फ्लू का मरीज जिस चीज का इस्तेमाल करे उसे भी नहीं छूना चाहिए। यह हवा में फैलता है। खांसने, छींकने, थूकने से वायरस सेहतमंद लोगों तक पहुंच जाता है।