पंचकूला। जिले में सोमवार को कोरोना के 30 नए मामले सामने आए हैं। इसमें पंचकूला से 29 और एक मरीज दूसरे जिले का है। जिले में अब सक्रिय मरीज 153 हो गए हैं। इनमें से 150 मरीज अपने घरों में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं, जबकि तीन को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से सोमवार को 415 सैंपल एकत्र कर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। इसकी रिपोर्ट मंगलवार को आएगी।
सीएमओ डॉ. मुक्ता कुमार ने बताया कि कोरोना से लड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से लगातार टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही टीका लगवाने के लिए लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. राजीव नरवाल ने बताया कि अब तक जिले में 45237 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 44669 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। 415 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक स्वास्थ्य विभाग ने 634203 लोगों के सैंपल जांचे हैं।
सीएमओ मुक्ता कुमार ने लोगों से अपील कर कहा कि कोरोना से बचाव के सभी जरूरी नियमों का पालन करें। अगर किसी को खांसी, जुकाम हो तो लोग अस्पताल के कोविड वार्ड में जाकर टेस्ट करवा सकते हैं। इसके अलावा लोग अपने बचाव के लिए मास्क और सामाजिक दूरी का पालन करें।