पंचकूला। सेक्टर-3 के ताऊ देवी लाल स्टेडियम में तलवारबाजी के ट्रायल आयोजित किए गए। इनमें कुल 30 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करने के लिए पूरा जोर लगाया। खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर 24 का चयन किया गया, जिनमें 12 लड़कियां और 12 लड़के शामिल हैं।
तलवारबाजी की प्रशिक्षक कोमल चौधरी की देखरेख में ट्रायल की प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान खिलाड़ियों की तकनीक, फुर्ती, संतुलन और मुकाबले के समय उनकी खेल क्षमता को परखा गया। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ ट्रायल में हिस्सा लिया और चयन के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
खेल महाकुंभ के लिए चयनित खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इसके लिए खिलाड़ी नियमित अभ्यास कर रहे हैं, ताकि प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। तलवारबाजी में शारीरिक क्षमता के साथ तेजी, एकाग्रता और सही समय पर निर्णय लेने की क्षमता महत्वपूर्ण होती है। खिलाड़ियों को इन सभी पहलुओं पर ध्यान देने के लिए नियमित अभ्यास कराया जाता है।
ट्रायल में चयनित 24 खिलाड़ियों को आगे अपनी प्रतिभा निखारने और बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा। खेल प्रशिक्षकों का उद्देश्य खिलाड़ियों को उचित प्रशिक्षण देकर प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है, ताकि वे भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पंचकूला का नाम रोशन कर सकें।