पंचकूला। लोगों को मोबाइल नंबरों पर कॉल कर झांसे में फांसकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले जालसाजों ने फिर एक ठगी की वारदात को अंजाम दिया है। इस बार उनके झांसे में पंचकूला सेक्टर-2 निवासी एवं सेक्टर-10 स्थित न्यू जिंदल क्रॉकरी हाउस के मालिक राज कुमार जिंदल फंसे। अज्ञात ठगों ने राज कुमार जिंदल को पतंजलि की डिस्ट्रीब्यूशनशिप दिलाने का झांसा दिया। उन्होंने राज कुमार को भरोसे में लेने के लिए कहा कि यदि वह पतंजलि की डिस्ट्रीब्यूशनशिप लेते हैं, तो उन्हें प्रोडक्ट की एमआरपी पर 40 प्रतिशत की छूट मिलेगी। राज कुमार जिंदल ठगों के झांसे में फंसकर डिस्ट्रीब्यूशन लेने के लिए मान गए। फिर उन्होंने 15 मई को बैंक से पतंजलि आयुर्वेद लि. के पक्ष में एनईएफटी के माध्यम से 25 हजार रुपये जमा किए। हालांकि आरोप हैं कि बैंक की लापरवाही से रकम पतंजलि आयुर्वेद लिमिटेड के बजाय किसी अन्य खाता धारक को ट्रांसफर कर दी गई।
शिकायतकर्ता ने बताया कि इसके अलावा अज्ञात ठगों ने उन्हें ऑर्डर करने पर 50 प्रतिशत डिस्काउंट देने की बात कही तो उन्होंने आरोपी ठगों के व्हाट्सएप नंबर पर सामान का ऑर्डर किया और उसकी कुल कीमत दस लाख रुपये थी। ठगों ने उन्हें कहा कि उन्हें महज छह लाख रुपये देने होंगे। यहां तक कि तीन लाख पहले और शेष तीन लाख रुपये एक महीने बाद देने को कहा। राज कुमार ने 18 मई को पतंजलि आयुर्वेद लि. के पक्ष में तीन लाख रुपये की आरटीजीएस कर दी। लेकिन आरोप हैं कि बैंक ने लापरवाही से काम कर आरटीजीएस के बजाय एनईएफटी कर दी, जबकि राज कुमार जिंदल द्वारा बताए गए खाता धारक का नाम भी मेल नहीं खा रहा था।
रकम हासिल होने पर अज्ञात ठगों ने राज कुमार जिंदल से डिस्ट्रीब्यूशन पॉलिसी में बदलाव होने की बात कहते हुए पूरी रकम जमा कराने को कहा। आरोपियों ने उनसे डिलीवरी चार्ज के पांच हजार रुपये पेटीएम करने को कहा, लेकिन राज कुमार जिंदल को शक होने पर रकम पेटीएम नहीं की। राज कुमार जिंदल ने आरोपियों से रकम लौटाने को कहा तो वे आपत्तिजनक भाषा में बात करने लगे और संपर्क तोड़ लिया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जांच करने पर उन्हें पता लगा कि अज्ञात ठग तीन दिन में लोगों से कुल सोलह लाख रुपये ठग चुके हैं।
बॉक्स
लॉकडाउन में कमाई के लिए लेनी चाही डिस्ट्रीब्यूशनशिप
राज कुमार जिंदल ने पुलिस को बताया कि लॉकडाउन में कारोबार ठप होने के चलते वह आजीविका साधन के लिए पतंजलि की डिस्ट्रीब्यूशन लेना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने 14 मई को पतंजलि कस्टमर केयर का नंबर ऑनलाइन तलाशा तो उन्हें एक नंबर दिखा। पहले उन्होंने कॉल की और फिर उन्हें दोपहर 12:44 बजे और 12:46 बजे दो फोन कॉल आए। कॉलर ने उन्हें अपनी पहचान सुनील गुप्ता के रूप में बताई थी। बहरहाल, स्थानीय थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को आरोपियों के वे सभी मोबाइल नंबर दे दिए हैं, जिनसे उन्हें फोन कॉल प्राप्त हुई या व्हाट्सएप पर संदेश भेजे गए।