पंचकूला। पंचकूला में शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस का अभियान लगातार जारी है। सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस आयुक्त शिबास कविराज के निर्देश पर शहर के प्रमुख स्थानों पर ड्रंकन ड्राइव के विशेष नाके लगाए। जहां एल्कोसेंसर की मदद से 280 से अधिक वाहन ड्राइवरों की जांच की गई। जांच के दौरान 10 ड्राइवर नशे में पाए गए, जिनके खिलाफ तत्काल चालान काटकर कार्रवाई की गई। विशेष बात रही कि पुलिस की नजर केवल दोपहिया और चारपहिया ड्राइवरों तक सीमित नहीं रही। बल्कि भारी वाहन जैसे ट्रक ड्राइवरों की भी सख्त जांच की गई। एसीपी ट्रैफिक सुकरपाल सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण शराब पीकर वाहन चलाना है।
पंचकूला डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमित दहिया ने शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यह न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि दूसरों की जान को खतरे में डालने जैसा गंभीर अपराध भी है।