पंचकूला। कोरोना संक्रमण में लॉकडाउन के दौरान जरूरतमंदों की तन-मन और धन से सेवा करने पर विभिन्न भंडारा कमेटियों के पदाधिकारियों को माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड के सभागार में सम्मानित किया गया। 27 से अधिक पदाधिकारियों को माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड और हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष की तरफ से दो प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान बहुत सी संस्थाओं का सहयोग मिला। पंचकूला में मजदूर, रेहड़ी, फड़ी, दिहाड़ीदार लोगों को हर रोज सूखा राशन और फूड पैकेट देने में भंडारा कमेटियां आगे रहीं। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन लगभग 30 हजार से अधिक फूड पैकेट एवं सूखा राशन लेकर लोगों के बीच पहुंचा। इस प्रकार गरीब व्यक्ति भी स्वयं को सुरक्षित समझने लगे और किसी भी व्यक्ति को भूखा नहीं सोने देने का संकल्प भी पूरा किया।
उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा ने कहा कि कोविड के दौरान कई चुनौतियों का सामना किया। इसमें झुग्गी झोपड़ियों, दैनिक मजदूरों को समय पर भोजन पहुंचाना विशेष रहा। इस कार्य में भंडारा समितियां आगे आईं। विशेषकर माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड ने सात लाख से अधिक फूड पैकेट वितरित किए। इसके अलावा शेल्टर होम में रहने वाले प्रवासी मजदूरों के लिए भंडारा समितियों अच्छा भोजन मुहैया करवाने में न केवल खरे उतरे बल्कि सम्मानजनक ढंग से सराहनीय कार्य किया।
सेवा कार्य में माता मनसा देवी भंडारा कमेटी चैरिटेबल ट्रस्ट ग्रेन मार्केट, श्री महामाई मनसा देवी चैरिटेबल भंडारा कमेटी पटियाला वाले, श्री माता मनसा देवी सेव दल धर्मार्थ भंडारा कमेटी, भंडारा श्री काली माता मंदिर, श्री मामा मनसा देवी श्राइन बोर्ड पंचकूला शामिल हैं। इस अवसर पर सीईओ एमएस यादव, सचिव शारदा प्रजापति, पृथ्वी कालका, भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा, महामंत्री हरेन्द्र मलिक सहित भंडारा समितियों के प्रधान एवं पदाधिकारी, बोर्ड के सदस्य व कर्मचारी मौजूद रहे।