पंचकूला। गांव रामगढ़ स्थित टिब्डीवाला शिव मंदिर में चोरी की वारदात सामने आई है। आरोपियों ने मंदिर में रखे दानपात्र को तोड़कर उसमें से करीब 20 से 25 हजार रुपये चुरा लिए। चौंकाने वाली बात यह रही कि वारदात को अंजाम देने के बाद एक आरोपी ने मंदिर में माथा भी टेका। चंडीमंदिर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब बुधवार सुबह गांव की कुछ महिलाएं पूजा-अर्चना करने के लिए मंदिर पहुंचीं। उन्होंने देखा कि मंदिर का दानपात्र टूटा हुआ है। कुछ नोट व सिक्के आसपास बिखरे पड़े हैं। मंदिर में लगा सीसीटीवी कैमरा भी टूटा हुआ मिला।
दो चोरों ने वारदात को दिया अंजाम
बुधवार सुबह महिलाएं पूजा करने कि मंदिर पहुंचीं। उन्होंने दानपात्र टूटा हुआ देखा तो तुरंत मंदिर कमेटी सदस्य कृष्ण कुमार को सूचना दी। कृष्ण कुमार ने पुलिस चौकी सेक्टर-25 में शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। सीसीटीवी में दो चोर दिखाई दे रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर चोरों की तलाश में जुट गई है।