पंचकूला। अग्रवाल सभा पंचकूला के कॉलेजियम चुनाव रविवार को संपन्न हो गए। चुनाव में कुल 22 सदस्य निर्वाचित हुए। कॉलेजियम चुनाव के परिणाम सामने आने के बाद अब अग्रवाल सभा के प्रधान पद को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। प्रधान पद के लिए तेजपाल गुप्ता और सतप्रकाश अग्रवाल के नाम सबसे अधिक चर्चा में हैं।
कॉलेजियम चुनाव में सेक्टर-7 से सुनील गुप्ता और सतप्रकाश अग्रवाल, सेक्टर-9 से विजय गर्ग और जयराजा गर्ग, सेक्टर-11 से सोहन लाल, सेक्टर-12 से प्रवीण गोयल, सेक्टर-14 से राजीव गुप्ता, सेक्टर-15 से बलदेव गोयल और सुभाष मित्तल, सेक्टर-16 से प्रवीण गोयल, प्रदीप बंसल, सुदेश और केके बंसल, सेक्टर-17 से बुद्धराम बंसल, बाल कृष्ण सिंगला और विपुल गर्ग, सेक्टर-20 से अशोक गर्ग और सुभाष सिंगला, सेक्टर-21 से टेकचंद सिंगला तथा सेक्टर-25 से विनीत जिंदल निर्वाचित हुए। कॉलेजियम चुनाव संपन्न होने के बाद अब सभी की निगाहें अग्रवाल सभा के प्रधान पद के चुनाव पर टिकी हैं। दोनों प्रमुख दावेदारों के समर्थक अपने-अपने पक्ष में समर्थन जुटाने में लगे हुए हैं। आगामी दिनों में तस्वीर और साफ होने की संभावना है।
तेजपाल गुप्ता के पक्ष में बहुमत का दावा
प्रधान पद के लिए तेजपाल गुप्ता का नाम शहर के प्रमुख सामाजिक लोगों में शुमार है। वह पिछले कई वर्षों से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। उनके समर्थकों का दावा है कि उनके पक्ष में पर्याप्त संख्या में कॉलेजियम सदस्य हैं और यदि चुनाव की स्थिति बनती है तो वह मजबूत स्थिति में रहेंगे। तेजपाल गुप्ता खेमे की ओर से बहुमत का दावा किया जा रहा है।
सतप्रकाश अग्रवाल भी पीछे हटने को तैयार नहीं
वहीं, सतप्रकाश अग्रवाल का खेमा भी पीछे हटने के मूड में नहीं है। सतप्रकाश अग्रवाल के समर्थकों का कहना है कि कॉलेजियम चुनाव में उनकी जीत ने उनकी स्थिति को और मजबूत किया है। समर्थकों के अनुसार वह प्रधान बनने के बेहद करीब पहुंच चुके हैं।