फैंसी नंबर लेने के लिए आज से लगाइए बोली
18 मार्च शाम 5 बजे तक जारी रहेगी ई-ऑक्शन
नंबरों की कैटेगरी के हिसाब से रिजर्व प्राइज तय
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। वाहनों के लिए यदि आप भी फैंसी नंबरों की तलाश कर रहे हैं तो इसके लिए शनिवार से ई-ऑक्शन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। शनिवार से आप अपने पसंदीदा नंबर के लिए ऑनलाइन बोली लगा सकेंगे और 18 मार्च को फाइनल ऑक्शन के बाद इसके रिजल्ट घोषित किए जाएंगे। चंडीगढ़ रजिस्ट्रिंग एंड लाइसेंसिंग अथॉरिटी (आरएलए) ने अपने फैंसी नंबरों की सीएच01बीयू, सीएच01बीवी, सीएच01बीटी, सीएच01बीएस सीरीज को ऑक्शन में रखा है।
शुक्रवार को इस ऑक्शन में भाग लेने के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया समाप्त हो गई। यह इच्छुक बोलीदाताओं के लिए 11 मार्च से शुरू हुई थी। शनिवार सुबह 10 से शाम 5 बजे तक होने वाली ई-ऑक्शन के दौरान बोलीदाता अपने पसंदीदा नंबर के लिए बोली लगा सकेंगे, जोकि 18 मार्च शाम 5 बजे तक जारी रहेगी।
विभाग पहले ही यह साफ कर चुका है कि इस ऑक्शन में वही हिस्सा ले सकता है, जिसने अपना वाहन चंडीगढ़ के पते पर खरीदा हो। पंचकूला, मोहाली या किसी अन्य जगह से वाहन खरीदने वाले इसमें हिस्सा नहीं ले सकते हैं। इसमें नंबरों की कैटेगरी के हिसाब से रिजर्व प्राइज तय किया गया है। इससे कम पर कोई नंबर अलॉट नहीं होगा। ई ऑक्शन में शामिल होने के लिए फार्म नंबर 21ए पर अपना यूआईडी यानी आधार कार्ड और चंडीगढ़ का एड्रेस प्रूफ देना अनिवार्य होता है।