स्कूल गेट के बाहर रेहड़ी-फड़ी वालों का कब्जा
मनीमाजरा बाजार में अतिक्रमण से बिगड़े हालात, बच्चों का स्कूल के बाहर चलना-फिरना मुश्किल
अमर उजाला ब्यूरो
मनीमाजरा। नगर निगम की अनदेखी और अतिक्रमण विभाग की दरियादिली का खामियाजा मनीमाजरा बाजार स्थित प्राइमरी स्कूल के छोटे-छोटे बच्चों को भुगतना पड़ रहा है। यहां हालात ऐसे बन गए हैं कि स्कूली बच्चों का चलना-फिरना मुश्किल हो रहा है। बच्चों के लिए मिड-डे मील लेकर आने वाली गाड़ी भी स्कूल तक नहीं पहुंचती। इसकी वजह यह है कि स्कूल के सामने वाली सड़क पर स्कूल के गेट के सामने रेहड़ी फड़ी वालों ने कब्जा कर अपनी दुकानें सजा रखी हैं।
यह सब तब देखने को मिल रहा है, जब स्ट्रीट वेंडर बायलॉज की ड्राफ्ट नोटिफिकेशन हो चुकी है। इस नोटिफकेशन के तहत कोई भी स्ट्रीट वेंडर गवर्नमेंट बिल्डिंग के 50 मीटर के आसपास नहीं बैठ सकता है, जबकि मनीमाजरा में सरकारी स्कूल के गेट के बाहर लोग अपनी रेहड़ी फड़ियां सजाए बैठे हैं। इसके अलावा बस स्टैंड के पास बने सीनियर सेकेंडरी स्कूल के गेट के आसपास और सामने बनी मेन सड़क के साथ बने फुटपाथ पर फड़ी वालों का कब्जा है। अतिक्रमण हटाओ दस्ता भी बेवश दिखता है। स्ट्रीट वेंडर लाइसेंस का आड़ भी लिया जा रहा है। वहीं, राजनेताओं का हाथ होना भी बताया जा रहा है।
समाजसेवी रामेश्वर गिरि ने कहा कि पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के मुताबिक किसी भी स्कूल के आसपास 100 गज की दूरी तक किसी तरह की कोई भी दुकान नहीं होनी चाहिए, जबकि मेन बाजार के प्राइमरी स्कूल और बस स्टैंड के नजदीक स्कूल के सामने लोगों ने रेहड़ी फड़ी से कब्जा जमा रखा है। बस स्टैंड के पास तो रेहड़ी फड़ी वाले फुटपाथ से बाहर पत्थर रखकर सड़क तक पर कब्जा कर रहे हैं। बाजारों में तो रेहड़ी फड़ी वालोें ने अड्डा जमा रखा है।
संयुक्त व्यापार मंडल मनीमाजरा के वार्ड प्रधान प्रदीप बागरा ने कहा कि स्कूल के सामने इतनी खुली सड़क होने पर भी मिड-डे मील की गाड़ी स्कूल तक नहीं आ पाती है क्योंकि राणा हवेली के सामने वाली जगह से लेकर स्कूल के सामने वाली मेन सड़क पर दोनों तरफ रेहड़ी फड़ी वालों का कब्जा है। हालांकि, पिछले सप्ताह मनीमाजरा नगर निगम के सब ऑफिस के इंचार्ज एडिशनल कमिश्नर तिलकराज ने रोड विंग और अतिक्रमण हटाने वाले अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए थे कि हर हाल में सड़कें खाली होनी चाहिए, लेकिन अतिक्रमण हटाओ दस्ता बेवश दिख रहा है।