सरकारी मकानों और फ्लैट्स पर 4.16 करोड़ सर्विस चार्ज बकाया
अतिरिक्त कमिश्नर ने प्रशासन के चीफ इंजीनियर को राशि जमा करवाने के लिए भेजा नोटिस
2013 से 14 हजार से ज्यादा सरकारी मकानों से सर्विस चार्ज वसूलने में निगम नाकाम
पांच साल से चली आ रही थी मेहरबानी, अब पहली बार भेजा नोटिस
31 तक सर्विस चार्ज जमा करवाएं, उसके बाद होगी सील करने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। नगर निगम शहर के सरकारी कर्मचारियों व अधिकारियों के मकानों और फ्लैट्स का पांच साल से सर्विस चार्ज नहीं वसूल पाया है। नगर निगम ने पहली बार 14440 सरकारी कोठियों, मकानों और फ्लैट्स के सर्विस चार्ज की बकाया राशि का प्रशासन के चीफ इंजीनियर मुकेश आनंद को नोटिस जारी किया है। नगर निगम ने इन मकानों के लिए 4 करोड़ 16 लाख 58 हजार रुपये का नोटिस भेजकर बकाया राशि 31 जुलाई तक जमा करवाने का समय दिया है। अगर प्रशासन सर्विस चार्ज जमा नहीं करता है तो नगर निगम इन सरकारी मकानों को सील करने की कार्रवाई शुरू करेगा। बता दें कि शहर में 2013 से हाउस टैक्स लागू है। निजी घरों पर हाउस टैक्स और सरकारी मकानों पर सर्विस चार्ज लगाया जाता है।
शहर के सरकारी कोठियों और मकानों में पंजाब व हरियाणा के मंत्रियों, अधिकारियों व कर्मचारियों के अलावा यूटी प्रशासन के आईएएस, आईपीएस और हर वर्ग के कर्मचारी रहते हैं। सरकारी मकानों पर लगे सर्विस चार्ज को जमा करवाने की जिम्मेवारी प्रशासन की है, लेकिन प्रशासन अपनी जिम्मेवारी नहीं निभा रहा है। हालांकि, नगर निगम भी बकाया राशि जमा न होने के लिए प्रशासन पर अब तक मेहरबानी दिखा रहा था।
इससे पहले नगर निगम ने एक बार भी नोटिस नहीं भेजा है, जबकि अगर कोई निजी इमारत का मालिक तीन बार नोटिस भेजने के बाद जब बकाया राशि जमा नहीं करवाता है तो नगर निगम अंत में सील करने का नोटिस भेजता है। हाल ही में नगर निगम ने क्लबों, स्कूलों, कालेजों के अलावा कई निजी इमारतों को सील करने का नोटिस भेजा है।
नगर निगम की ओर से भेजे गए नोटिस में कहा गया है कि अगर 31 जुलाई तक बकाया राशि जमा न हुई तो इमारतों को सील करने की कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम के अतिरिक्त कमिश्नर अनिल गर्ग की ओर से चीफ इंजीनियर को भेजी नोटिस मेें सरकारी कोठियों और मकानों के लिए 2 करोड़ 61 लाख और सरकारी फ्लैट्स का बकाया एक करोड़ 55 लाख रुपये बताया है।
कहां-कहां पर हैं कितने सरकारी मकान और फ्लैट्स हैं, जिनका सर्विस चार्ज एक बार भी जमा नहीं हुआ।
सेक्टर मकान/कोठियां फ्लैट्स
2 14 शून्य
3 56 शून्य
4 67 शून्य
5 8 शून्य
7 520 216
10 5 शून्य
11 119 416
15 103 64
16 228 शून्य
18 3
19 449 450
20 236 2110
22 1200 शून्य
23 1489 116
24 97 918
27 307 432
28 शून्य 1100
29 शून्य 1100
33 शून्य 520
35 शून्य 328
39 25 शून्य
41 शून्य 164
42 10 2
43 शून्य 638
44 शून्य 36
46 शून्य 1596
कुल 4936 9504 (14440)