मेडिकल कॉलेज में बनेगा रिसर्च सेल
सेक्टर-32 स्थित मेडिकल कॉलेज में रिसर्च को प्रमोट करने के लिए उठाया गया कदम
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सेक्टर-32 स्थित मेडिकल कॉलेज ने रिसर्च की दिशा में मजबूती से कदम बढ़ाया है। मेडिकल कॉलेज में जल्द ही रिसर्च सेल स्थापित किया जाएगा, जिसमें फैकल्टी और रेजिडेंट डॉक्टरों की रिसर्च को प्रमोट किया जाएगा। उसके लिए अनुकूल माहौल बनेगा। बेहतरीन रिसर्च पेपर प्रकाशित करने वाले डॉक्टरों को हर साल प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें सम्मानित किया जाएगा। बताया गया है कि एक महीने के भीतर रिसर्च सेल काम करना शुरू कर देगा। मेडिकल कॉलेज के डायरेक्टर प्रिंसिपल प्रो. बीएस चवन ने बताया कि इसके लिए सात से आठ प्रोफेसरों की एक कमेटी गठित की जाएगी, जो गाइडलाइंस बनाएंगे। उसके बाद स्टाफ की नियुक्ति होगी।
तीन साल पहले मेडिकल काउंसिल आफ इंडिया ने एमडी स्टूडेंट के लिए एक रिसर्च पेपर प्रकाशित करना अनिवार्य कर दिया था। ऐसे में उन्हें अब रिसर्च वर्क पर ज्यादा फोकस करना होगा। रिसर्च सेल बनने से उन्हें भी फायदा होगा। बताया गया है कि मेडिकल कॉलेज को स्थापित हुए करीब 27 साल बीत गए हैं, मगर रिसर्च को प्रमोट करने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इस वजह से मेडिकल कालेज रिसर्च में पिछड़ गया है। मगर अब इसमें काम शुरू कर दिया गया है। मौजूदा डायरेक्टर प्रिंसिपल डॉ. बीएस चवन ने इसे गंभीरता से लिया है। नियुक्ति के दौरान उन्होंने कहा भी था कि रिसर्च को प्रमोट करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। रिसर्च सेल के लिए गठित कमेटी की अब तक 8 बार मीटिंग हो चुकी है। लगभग तैयारियां पूरी हैं। जल्द ही इसका गठन हो जाएगा।