घर की चहारदीवारी में गुजर रहे थे पंधेर के दिन
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। निठारी कांड में निर्मम हत्या के मामले में फांसी की सजा पाने वाले चंडीगढ़ के बिजनेसमैन मनिंदर सिंह पंधेर के दिन घर की चहारदीवारी में ही गुजर रहे थे। पड़ोसियों को कभी कभार वह घर के सामने बने पार्क में टहलता दिखता था। सेक्टर-27 स्थित कोठी कोठी नंबर 1012 में कई नौकर हैं। उन्हें यह जानकारी तक नहीं कि पंधेर को अदालत ने फांसी की सजा सुना दी है। उन्हें तो बस इतना ही पता है कि शनिवार को पंधेर बेटे और पत्नी के साथ घर से निकला था। नोएडा में किसी शादी समारोह में शरीक होना था। बता दें कि शनिवार को ही अदालत ने पंधेर और कोली को दोषी करार दिया था।
पिछले दिनों आया था हार्ट अटैक
कोठी के आसपास रहने वाले भी पंधेर से ज्यादा वास्ता नहीं रखते और न ही इस मसले पर कुछ बोलने को तैयार हुए। इतना ही पता चला कि कुछ दिनों पहले पंधेर को हार्ट अटैक भी आया था, जिसका इलाज चल रहा था। उसका ज्यादातर समय घर पर ही गुजरता था।