पंचकूला। जिले में कोरोना संक्रमण के 21 नए मामले पाए गए हैं। इसमें आठ मामले पंचकूला के हैं, जिसमें पांच पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। पंचकूला में कोरोना से अब तक 147 लोगों की मौत हो चुकी है। अब पंचकूला में 86 कोरोना संक्रमण के मामले रह गए हैं। जिले में कोरोना संक्रमण का रिकवरी रेट 97.80 फीसदी तक पहुंच चुका है।
रविवार को सीएमओ डॉ. जसजीत कौर ने बताया कि जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा टेस्ट की संख्या लगातार बढ़ाई जा रही है। अभी टेस्ट की संख्या सात सौ तक है। सीएमओ ने बताया कि रविवार को पंचकूला में अमरावती एनक्लेव में एक, खेड़ी में एक, सेक्टर-12ए में दो, सेक्टर-20 में एक, सेक्टर-7 में एक, सेक्टर-9 में एक मामला सामने आया है। उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा ने बताया कि कोरोना काल के दौरान जिले में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अब तक 160802 सैंपल लिए हैं।
इसमें से अब तक जिले में कुल 13791 कोरोना संक्रमण के मामले पाए गए हैं। इसमें से पंचकूला में 10523 पाजिटिव मामले सामने आए थे। इन मामलों में से अब तक 10290 कोरोना संक्रमित ठीक होकर घर जा चुके हैं।