फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मोदी की 'मन की बात' से बतौड़ हुआ बाग-बाग

विज्ञापन
मन की बात के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बतौड़ गांव की प्रशंसा करते हुए। - फोटो : PKL OFFICE
विज्ञापन
पंचकूला। क्षेत्र के गांव बतौड़ का नाम रविवार को जैसे ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जुबां पर आया तो हलकावासियों को गौरव का अनुभव हुआ। बतौड़ गांव में तो जश्न का माहौल बन गया। गांववासियों के इस जश्न में शामिल होने के लिए विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता भी पहुंचे तो खुशी दोगुनी हो गई। विधानसभा अध्यक्ष ने गांववासियों की मेहनत और स्वप्रेरणा से किए जा रहे नए प्रयोगों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बतौड़ वासियों ने उनके हलके के साथ-साथ प्रदेश का भी नाम रोशन किया है।
विज्ञापन

बता दें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में पंचकूला जिले के गांव बतौड़ में हुए अभिनव प्रयोग की जमकर सराहना की है। यहां गांव में आबादी के बीच स्थित गंदे पानी का तालाब परेशानी का कारण बना हुआ था। खराब पानी आसपास के घरों में घुस जाता था, इसकी बदबू से ग्रामीण भी काफी परेशान थे। 2016 में सरपंच बने लक्ष्मण दास ने इस समस्या के निराकरण का बीड़ा उठाया। इसके लिए उन्होंने गांववासियों को तैयार किया। गांववासियों ने सामूहिकता की भावना का परिचय देकर ऐसी मिसाल पेश की कि प्रधानमंत्री ने उनकी दिल खोलकर तारीफ की।
सरपंच ने प्रयोग कर तालाब के गंदे पानी को किया स्वच्छ
सरपंच लक्ष्मण दास ने बताया कि तालाब के गंदे पानी को साफ करने के लिए इसे पांच भागों में बांटा गया है। गंदा पानी पहले भाग में आता है, जहां इसकी गाद जम जाती है। इसके बाद पानी को दूसरे भाग में डाल दिया जाता है। पांचों भागों में यही क्रम दोहराया जाता है। पांचवें हिस्से में जाने के बाद पानी पूरी तरह से साफ हो जाता है, जिसे किसानों को खेती के लिए उपलब्ध करवा दिया जाता है। लोग इंजन पंप में अपने खर्च पर डीजल डालकर खेतों की सिंचाई करते हैं। जब इस काम को शुरू किया गया तो विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने उनका उत्साह वर्धन किया था। इतना ही नहीं गुप्ता ने अपने स्वैच्छिक अनुदान से इस प्रोजेक्ट को आर्थिक मदद भी दी थी।
विज्ञापन

तालाब के पानी से पौधों की कर रहे सिंचाई
गांव के पंच प्रेमचंद ने बताया कि इस प्रयोग का लाभ गांव की व्यायामशाला को भी मिल रहा है। इस तालाब से साफ होने वाले पानी को व्यायामशाला तक पहुंचाया जाता है। वहां पौधों की सिंचाई की जाती है। प्रेम चंद के अनुसार यह व्यायामशाला भी गांव के युवकों के लिए प्रदेश सरकार की तरफ से सौगात साबित हो रही है।
प्रधानमंत्री ने गांव का दुनिया में सम्मान बढ़ाया
चंडीगढ़ परिवहन विभाग से सेवानिवृत्त बतौड़ निवासी हेम सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री ने मन की बात में उनके गांव का जिक्र कर दुनियाभर में गांववासियों का सम्मान बढ़ाया है। इससे गांव के युवा वर्ग में आगे और काम करने की प्रेरणा जगी है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह गांव इस क्षेत्र के लिए आदर्श स्थापित करेगा।
लोगों को मिली प्रेरणा, करेंगे आगे भी प्रयास
पंचकूला जिला अदालत में अधिवक्ता बतौड़ निवासी मोना ठाकुर ने बताया कि प्रधानमंत्री ने आज जिस प्रकार से गांववासियों की सराहना की है, उससे यहां उत्साह का वातावरण बना है। गांव की अन्य समस्याओं के निराकरण के लिए भी अब लोग भी प्रयत्न करेंगे। उन्होंने कहा कि जब गांव के लोग स्वप्रेरणा से काम शुरू कर देते हैं, तो प्रशासन भी सहयोग करने लगता है।
तालाब का पानी खेतों में भी हो रहा प्रयोग
बतौड़ निवासी मुकेश कुमार पंडित कहते हैं कि ‘मन की बात’ में गांव का जिक्र होने से उन्हें गर्व की अनुभूति हो रही है। यह तालाब सांपों का घर हो चुका है, जिससे आसपास के लोगों में डर का माहौल रहता था। गांव की पंचायत और स्थानीय लोगों ने मिलकर इस समस्या का समाधान निकाला है। अब यह पानी खेती के लिए लाभकारी हो गया है।
समस्या का निराकरण होने के साथ-साथ किसानी में भी फायदा हो गया है। महिला पंच नेहा बताती हैं कि इस तालाब के सुधार से जहां गंदे पानी की समस्या का निराकरण हुआ है वहीं अब यहां हो रहा मछली पालन पंचायत की आमदनी का स्रोत भी बन गया है। इसके लिए उन्होंने सरपंच के प्रयास और विधायक ज्ञानचंद गुप्ता के सहयोग की भी सराहना की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब हरियाणा के प्रभारी थे, तब पांच वर्ष तक पंचकूला में रहे थे। उन्होंने जिले के प्रत्येक गांव का स्वयं भ्रमण किया है। उन्होंने पंचकूला को विकसित होते भी देखा है। आज जिस प्रकार गांव बतौड़ की पंचायत और गांववासियों ने सरपंच लक्ष्मण दास के नेतृत्व में पांच तालाबों का निर्माण कर गंदे पानी को साफ कर खेतों में सिंचाई के लिए प्रयोग किया है, यह एक अति सराहनीय प्रयास है। इससे गांव के साथ-साथ किसानों की खुशहाली के भी नए आयाम स्थापित होंगे। इसके साथ-साथ तालाब में मछली पालन का भी ठेका दिया है, इससे गांव की आय का सृजन भी हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात से दुनियाभर में इस गांव की पहचान स्थापित कर दी है। इसके लिए प्रधान मंत्री का आभार। - ज्ञानचंद गुप्ता, अध्यक्ष हरियाणा विधानसभा।

गांव बतौड़ के इसी तालाब की वजह से चर्चाओं में है गांव। - फोटो : PKL OFFICE

गांव के लोगों ने मन की बात सुनने के बाद खुशी का इजहार किया। - फोटो : PKL OFFICE

हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता बतौड़ के तालाब का निरीक्षण करते।- फोटो : PKL OFFICE

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें