सीबीएसई ने फिर जारी की परीक्षा गाइडलाइंस- 10 बजे के बाद नहीं मिलेगी एंट्री
- अंग्रेजी के पेपर में शहर में 200 के करीब स्टूडेंट्स हो गए थे लेट
- एंट्री न मिलने पर नहीं दे पाए एग्जाम, साल बर्बाद
- पेपर लीक की घटनाओं के चलते बोर्ड ने बरती ज्यादा सख्ती
रिशु राज सिंह
चंडीगढ़। सीबीएसई की 2 मार्च को 12वीं कक्षा के हुए अंग्रेजी के पेपर में बहुत से छात्र 10 बजे के बाद पहुंचे, जिसकी वजह से उन्हें एग्जामिनेशन हॉल में एंट्री नहीं दी गई। चंडीगढ़ के साथ पूरे देश से इस तरह की खबरें आईं। शहर में 2 से 3 मिनट की देरी से पहुंचे छात्रों को भी एंट्री नहीं दी गई। इससे उनकी सालभर की मेहनत खराब हो गई। एंट्री के लिए छात्र स्कूल के गेट पर खड़े गिड़गिड़ाते रहे, लेकिन उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया। लेट आने वाले छात्रों पर सीबीएसई का सख्त रवैया अभी भी बरकरार है। बोर्ड ने सोमवार को अपनी वेबसाइट पर 10वीं व 12वीं की परीक्षा दे रहे छात्रों के लिए एक बार फिर 10 प्वाइंट के निर्देश जारी किए हैं।
बोर्ड की ओर से जारी निर्देश
1. सीबीएसई बोर्ड द्वारा जारी निर्देशों में सबसे पहले यह लिखा है कि स्टूडेंट्स को एग्जाम सेंटर में 9 से 10 बजे के बीच ही एंट्री मिलेगी। 10 बजे के बाद पहुंचने पर किसी भी स्टूडेंट्स को परीक्षा में बैठने नहीं दिया जाएगा।
2. बोर्ड ने स्टूडेंट्स को सिर्फ ब्लू पेन, रॉयल ब्लू बॉल प्वाइंट, जेल पेन या फाउंटेन पेन साथ रखने को ही कहा है।
3. रेगुलर स्टूडेंट्स को सिर्फ स्कूल यूनिफॉर्म में ही एंट्री मिलेगी। प्राइवेट छात्र हल्के रंक के कपड़े पहन कर पेपर दे सकते हैं।
4. स्टूडेंट्स किसी भी फेक मैसेज व वीडियो को फेसबुक, यू ट्यूब, ट्वीटर या किसी भी सोशल मीडिया प्लेफॉर्म पर न फैलाए।
5. एग्जामिनेशन सेंटर में स्टूडेंट कोई भी गलत हरकत करते हुए अगर पकड़ा जाता है तो उसे यूएफएम कैटेगरी में डाल उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
6. प्रश्न पत्र और आंसर शीट पर स्टूडेंट सिर्फ परीक्षा से जुड़ी बातें ही लिखें। गलत जानकारी न दें।
7. स्टूडेंट को एग्जामिनेशन सेंटर में सिर्फ अपने सब्जेक्ट के पेपर के लिए एंट्री मिलेगी।
8. परीक्षा केंद्र में अनुमति प्राप्त वस्तुओं की सूची और अनुमति प्राप्त न होने वाली सूची को अच्छी तरह से पढ़ लें। अभिभावकों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके बच्चे इसका पालन करें।
9. प्रश्न पत्र और आंसर शीट में दिए निर्देशों को ध्यान से पढ़कर उसका पालन करें।
10. रोल नंबर के अनुसार अपनी ही सीट पर बैठें।
---- कोट्स----
स्टूडेंट्स नियम फॉलो करें
सीबीएसई बोर्ड के अपने नियम और कानून हैं। पेपर लीक या कोई अन्य अप्रिय घटना न घटे इसलिए बोर्ड ने इस बार काफी सख्त कदम उठाए हैं। स्टूडेंट्स को उन्हें फॉलो करना ही होगा। अगर 10 बजे के बाद एंट्री पर बैन है तो स्टूडेंट्स को पहले पहुंचना ही होगा। - बीएल शर्मा, शिक्षा सचिव