सिंडिकेट की बैठक आज, कई प्रस्तावों पर लगेगी मुहर
- कुछ कोर्स की बढ़ सकती है फीस, कुछ नए कोर्स होंगे शुरू
- ट्रांसजेंडर की फीस माफी का प्रस्ताव भी सामने आएगा
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पीयू सिंडिकेट की बैठक 18 फरवरी को होने जा रही है। इसमें एक दर्जन से अधिक प्रस्तावों पर मुहर लगेगी। कुछ नए प्रस्ताव पास होंगे तो कुछ पुरानों पर चर्चा। इस शैक्षिक सत्र से कुछ नए कोर्स शुरू किए जाने की योजना है। साथ ही कुछ कोर्स की फीस भी बढ़ाए जाने का प्रस्ताव लाया जा सकता है। ट्रांसजेंडर विद्यार्थियों की फीस माफी का प्रस्ताव भी आएगा। इसी तरह पुरानी सिंडिकेट की बैठकों के मिनट्स पास होंगे। पूर्व की बैठकों में उठाए गए मुद्दों पर हुई कार्रवाई भी सदस्यों के सामने रखी जाएगी। नेशनल कॉलेज चौबारियावाली में छात्र या छात्राओं के दाखिले किए जाने, एचडी कॉलेज के प्रिंसिपल की एक्सटेंशन करने, शिक्षकों के प्रमोशन आदि के प्रस्ताव भी सामने आएंगे।
एक्सटेंशन पर चल रहे प्राचार्यों को हटाने का प्रस्ताव
सीनेट सदस्य डॉ. सुभाष शर्मा ने सिंडिकेट के सदस्यों को प्रस्ताव भेजा है कि सेवानिवृत्त होने के बाद जिन प्रिंसिपल का एक्सटेंशन किया गया है या कोई सेवानिवृत्त शिक्षक इस पद पर बैठाया गया है उसे हटाया जाए। उन्होंने कहा है कि पीयू का संविधान 60 साल सेवानिवृत्ति की बात कह रहा है। यूजीसी भी 60 साल के बाद तैनाती की बात नहीं कर रहा है। ऐसे में इनकी नियुक्ति या एक्सटेंशन कैसे हो सकता है। उन्होंने कहा है कि सिंडिकेट पर इस गंभीरता से निर्णय ले। यह प्रस्ताव फिर सीनेट में भी उठाया जाएगा।