भाजपा का पंजाब से कोई लेना-देना नहीं: खैरा
अपना पंजाब पार्टी छोड़कर आप में शामिल हुए प्रिंसिपल रंधावा
गुरदासपुर।
विधानसभा में विरोधी पक्ष के नेता और आम आदमी पार्टी के विधायक सुखपाल सिंह खैरा ने सोमवार को कहा कि केंद्र की भाजपा का पंजाब और पंजाब के लोगों की समस्याओं और चुनौतियों के साथ कोई लेना देना नहीं। खैरा गुरदासपुर में पार्टी के उम्मीदवार सुरेश कुमार खजूरिया के समर्थन में डेरा बाबा नानक में आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे।
जिला प्रधान गुरप्रताप सिंह खुशहालपुर के नेतृत्व में आयोजित सभा में खैरा ने कहा कि भाजपा ने पंजाब के साथ भेदभाव करते हुए 1999 में पड़ोसी पहाड़ी राज्यों की इंडस्ट्री को विशेष टैक्स छूट दे र पंजाब की इंडस्ट्री को उजाड़े के रास्ते पर डाल दिया था। अब उन छूटों को 10 सालों तक और बढ़ा कर पंजाब में इंडस्ट्री और व्यापार की बची खुची जड़ें भी खोद दीं हैं। पंजाब के उद्योगपतियों व्यापारियों और सूबे की आर्थिक स्थिति को बड़ी चोट लगी है। सिर्फ बटाला क्षेत्र में 2500 से अधिक फर्निश और अन्य औद्योगिक इकाईयां बंद हो गई। धारीवाल की विश्व प्रसिद्ध वाली वूलन मिल और लोहे की नगरी के तौर पर जानी जाती मंडी गोबिंदगढ़ पूरी तरह उजड़ गई। लाखों लोग बेरोजगार हो गए। इसके लिए न केवल भाजपा बल्कि इसकी हिस्सेदार अकाली दल बादल और कांग्रेस भी बराबर के जिम्मेदार हैं।
खैरा ने कहा कि बादल परिवार नेहमेशा पंजाब के हित दाव पर लगाए हैं। पहाड़ी राज्यों को विशेष छूटें इसकी मिसाल है। इसी तरह डा. मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाले 10 साल केंद्र में सत्ता चलाने वाली कांग्रेस ने पहाड़ी राज्यों की तर्ज पर पंजाब की इंडस्ट्री को टैक्स हालीडे नहीं दिया और न ही पहाड़ी राज्यों को मिलती छूटें खत्म की।
इस मौके पर गढ़शंकर हलके से विधान सभा चुनाव में सुच्चा सिंह छोटेपुर की अपना पंजाब पार्टी के उम्मीदवार प्रिंसिपल सुरजीत सिंह रंधावा अपने साथियों समेत आम आदमी पार्टी में शामिल हुए। प्रिंसिपल सुरजीत सिंह रंधावा का मेजर जनरल खजूरिया, विधायक जगदेव सिंह कमालू, गुरप्रताप सिंह खुशहालपुर, जोगिन्द्र सिंह छीना, कुलदीप सिंह धालीवाल ने स्वागत किया।