सोनीपत में पकड़ी शराब, चंडीगढ़ से जुड़े तस्करी के तार
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
रोहतक-सोनीपत मार्ग पर 20 दिन पहले गांव भालौठ में पकड़ी गई एक करोड़ की शराब की तस्करी के तार चंडीगढ़ से जुड़े हैं। हरियाणा पुलिस की स्पेशल टीम ने इस मामले में बुधवार रात को चंडीगढ़ स्थित इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में कोऑपरेटिव कंपनी लिमिटेड में रेड कर शराब ठेकेदार व मालिकों से पकड़ी गई शराब के बारे में करीब तीन घंटे तक पूछताछ की।
हरियाणा पुलिस के स्पेशल टीम के एसआई प्रवीण सिंह ने बताया कि जो शराब पकड़ी गई है। उसमें जो 160 पेटियां अंग्रेजी व देसी शराब की हैं वह इसी कंपनी में तैयार की गई थीं। ये गैरकानूनी ढंग से रोहतक से सोनीपत ले जाई जा रही थी। एसआई प्रवीण सिंह ने बताया कि कंपनी के डिस्पैच और रिकॉर्ड चेक किए गए हैं। रिकॉर्ड के अलावा बाटलिंग व पैकिंग के सैंपल भी उठाए गए। एसआई प्रवीण सिंह ने कहा कि कंपनी के खिलाफ जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। वहीं, शराब कंपनी के मैनेजर सुशील राणा ने कहा कि जांच जारी है। पुलिस द्वारा मांगे गए सभी दस्तावेज व रिकार्ड सौंप दिए गए हैं।
तीन कंटेनर, एक कैंटर और एक ट्रक शराब बरामद की थी
हरियाणा पुलिस व आबकारी विभाग ने कुछ दिन पहले गुप्त सूचना के आधार पर गांव भालौठ के पास से तीन कंटेनर, एक कैंटर व एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की थी। बताया जा रहा है कि पकड़ी शराब की कीमत एक करोड़ से अधिक है और यह शराब चंडीगढ़ से लाई गई थी। जोकि रोहतक से सोनीपत ले जाई जा रही थी।आबकारी एवं कराधान विभाग की टीम ने इसे रास्ते में पकड़ लिया था।
-हरियाणा पुलिस की स्पेशल टीम ने कोऑपरेटिव कंपनी लिमिटेड में की रेड
-शराब ठेकेदार और मालिकों से तीन घंटे तक की पूछताछ