पंचकूला। स्टार कबड्डी लीग सीजन-टू प्रतियोगिता 2 से 6 अप्रैल तक सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में होगी। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में चार महिलाओं समेत 20 टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता में विजेता टीम के खिलाड़ियों को 21 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें स्टार लीग के पदाधिकारियों और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस मौके पर स्टार कबड्डी लीग के ब्रांड एंबेसडर पद्मश्री योगेश्वर दत्त भी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता को लेकर आयोजकों में काफी उत्साह था।
पद्मश्री योगेश्वर दत्त ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य गांव स्तर की प्रतिभाओं को मंच दिलाना है, जिन्हें आज तक किसी कारणवश आगे आने का मौका नहीं मिला है। मिट्टी में खेले जाने वाले इस खेल को गांव की मिट्टी में पले बढ़े युवाओं को आगे लाने के लिए एक मंच तैयार किया गया है। लीग का उद्देश्य कबड्डी को देश में क्रिकेट की तर्ज पर विख्यात करना है। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में जो 20 टीमें भाग ले रही हैं। इसके लिए पांच सौ ट्रायल किए गए। राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों से इन ट्रायलों में दस हजार युवाओं ने भाग लिया। टीमों में राजस्थान रूरल, हिमाचल बुल्स, यूपी पायलट, बंगाल टाइगर, मुंबई मराठा और असम की टीमों के अलावा महिलाओं की गोवा लीग, बंगाल, पटना और दिल्ली की टीमें शामिल हैं।
मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ, सपना चौधरी करेंगी मनोरंजन
दो अप्रैल को ताऊ देवीलाल स्टेडियम में शुरू होने वाली इस लीग का शुभारंभ मुख्यमंत्री मनोहर लाल करेंगे। इस मौके पर हरियाणा के कलाकार बी प्राग अपनी प्रस्तुति देकर सभी लोगों को मनोरंजन करेंगे। 6 अप्रैल को समापन समारोह में केंद्रीय मंत्री बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। इस मौके पर सपना चौधरी अपने मनमोहन डांस और गीतों से लोगों का मनोरंजन करेंगी। लीग चेयरमैन अशोक गोयल और मुख्य संरक्षक राजेश गोयल ने बताया कि लीग का स्लोगन ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और बेटी खिलाओ’ दिया गया है। इसमें देश के ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियां भी अपने प्रतिभा दिखाएंगी।
20 में चार टीमें महिलाओं की होगी
20 टीमों में चार टीमें महिलाओं की होगी। इस दूसरे महाकुंभ में 21 लाख के पुरस्कार खिलाड़ियों को बांटे जाएंगे। प्रमोशन समारोह को मुख्य अतिथि योगेश्वर दत्त, लीग अध्यक्ष मनोज ढुल्ल, राष्ट्रीय सह सचिव पंकज गुप्ता ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष परमजीत हुड्डा, हरियाणा के अध्यक्ष जोरा सिंह, राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामचंद्र अत्री, उपाध्यक्ष रश्मि राय, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी राणेश राणा, सह-सचिव पंकज गुप्ता, दीपक भागवत, सलाहकार अश्विनी अग्रवाल, काउंसिल मेंबर विक्रम संधू, कृष्ण देवान, विजय गोयल, शिव कुमार गुप्ता, अशोक सहारण, राजकुमार सिंगला, संदीप चहल के अलावा जिला परिषद सदस्य राहुल शर्मा, व्यापार प्रकोष्ठ के जिला संयोजक कृष्ण कौशल, हरबंस राणा और युवा सदस्य मुनीष शर्मा भी उपस्थित रहे।