पंचकूला। पांच लोगों ने अपने मालिक के तीन बैंक खातों से चेक के माध्यम से सात लाख रुपये निकाल लिए। सेक्टर-14 पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में उज्ज्वल गोयल निवासी औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 ने आरोप लगाया कि उनके यहां फैंसी लाइटों और इलेक्ट्रिकल का काम होता है। आरोपी श्रेय गुप्ता, सौरभ मल्होत्रा, काजल, सुनील और नीरज उनके यहां काम करते थे। उज्ज्वल गोयल को विश्वास में लेकर पांचों आरोपियों ने उनके खाते से लगातार चेक लगाकर सात लाख रुपये निकाल लिए। जब उज्ज्वल गोयल ने अपने तीनों बैंक अकाउंट चेक किया तो पता चला कि उनके अकाउंट से पैसे निकाले गए हैं। उन्होंने एक्सिस बैंक, एचडीएफसी और इंड्सइंड बैंक में अपना बैलेंस चेक किया तो पता चला कि उनके अकाउंट से पांचों लोगों ने पैसा निकाला है। सेक्टर-14 थाना प्रभारी राजीव मिगलानी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।