पंचकूला। कोरोना संक्रमण के शुक्रवार को 20 नए मामले सामने आए हैं। इसमें 17 मरीज पंचकूला के हैं, जबकि तीन मरीज दूसरे जिलों और प्रदेशों के हैं। जिले में सक्रिय की संख्या 225 पहुंच गई है। इनमें 17 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। सीएमओ मुक्ता कुमार ने बताया कि 208 मरीज अपने घर पर ही स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को 107 सैंपल एकत्र कर जांच के लिए लैब भेजे हैं। इसकी रिपोर्ट शनिवार को आएगी।
कोरोना से लड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से लगातार टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. राजीव नरवाल ने बताया कि अब तक जिले में 47586 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 46943 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। अभी तक 418 लोगों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग ने 654695 लोगों के सैंपल जांचे हैं। सीएमओ मुक्ता कुमार ने कहा है कि कोरोना से बचाव के सभी जरूरी नियमों का लोग पालन करें।
अगर किसी को खांसी, जुकाम हो तो लोग अस्पताल के कोविड वार्ड में जाकर कोरोना टेस्ट करवा सकते हैं। इसके अलावा लोग अपने बचाव के लिए मास्क और सामाजिक दूरी का पालन करें।