पंचकूला। मानसून के आखिरी दौर में जिले में वेक्टर बॉर्न डिजीज के मामलों में अचानक बढ़ोतरी हुई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक डेंगू के 12 और मलेरिया के 8, कुल 20 केस कन्फर्म हो चुके हैं। पिछले 10 दिनों में ही डेंगू के 5 और मलेरिया का 1 नया मामला सामने आया है, जिसके बाद विभाग अलर्ट मोड पर है।
डेंगू के 12 मामलों में सूरजपुर से 5 केस मिले हैं, जिससे यह क्षेत्र नया हॉटस्पॉट बनकर उभरा है। कालका और अर्बन पंचकूला से 2-2, जबकि रायपुररानी, मोरनी और पिंजौर से एक-एक केस रिपोर्ट हुआ है। मलेरिया के 8 मामलों में ओल्ड पंचकूला से 6, जबकि पिंजौर और अर्बन पंचकूला से एक-एक मरीज मिला है।
18 हजार से ज्यादा घरों की जांच
रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने 80 ब्रीडर चेकर फील्ड में उतारे हैं। अब तक 18 हजार से अधिक घरों में लार्वा चेकिंग की गई, जबकि करीब 3500 घरों में लार्वा मिलने पर नोटिस जारी किए गए हैं। सबसे ज्यादा नोटिस ओल्ड पंचकूला और कालका में दिए गए। अर्बन क्षेत्र में 5 से 6 बेड का डेंगू वार्ड रिजर्व रखा गया है। नगर निगम घनी आबादी और कॉलोनियों में रूट चार्ट के अनुसार फॉगिंग करवा रहा है। कालका को तालाबों की अधिक संख्या के कारण संवेदनशील क्षेत्र माना जा रहा है।