पंचकूला। ऑटो में बैठाने के बाद व्यक्ति को आरोपी ड्राइवर और उसके साथी ने चाकू मारकर घायल कर दिया। घायल व्यक्ति को चाकू मारने के बाद उससे 25 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया। जानकारी पर पुलिस ने युवक के बयान के आधार पर अज्ञात पर केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में रघुवंश मनी ने बताया कि वह शिव मंदिर ठाकुरद्वारा मनीमाजरा में रहते हैं। रघुवंश ने बताया कि वह पंचकूला किसान मंडी में सब्जी बेचने का काम करता है। चार मई को रात 12 बजे वह मंडी से काम खत्म कर ऑटो से मनीमाजरा आ रहा था। ऑटो चालक सेक्टर-14 के चौक पर आने के बाद ऑटो का माजरी चौक के आगे झुग्गी वाले एरिया में ले गया। इसके बाद ऑटो चालक और उसके दोस्त ने मिलकर रघुवंश से पैसे छीनने का प्रयास करने लगे। लेकिन विरोध करने पर ऑटो चालक और उसके दोस्त ने चाकू से ताबड़तोड़ उस पर हमला किया। इस दौरान रघुवंश बेहोश होकर गिर गया और आरोपियों ने 25 हजार रुपये और मोबाइल फोन छीन लिया। इसकेे बाद सुबह चार बजे किसी ने रघुवंश को बेहोशी की हालत में पड़े देखा और पीसीआर को सूचना दी। पीसीआर रघुवंश को सेक्टर-6 जनरल अस्पताल ले गई। जहां से गंभीर हालत में जीएमसीएच-32 भेज दिया गया। होश में आने के बाद पुलिस ने पीड़ित रघुवंश के बयान दर्ज किए। बयान के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। सेक्टर-7 चौकी इंचार्ज मोहनलाल ने बताया कि मामला अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। पुलिस अभी तक मामले में आरोपी को खोज नहीं पाई है।