आरएससीसी दिल्ली ने हराया आरबीआई मुंबई को
24वां ऑल इंडिया जेपी अत्रे मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में हुए लीग मुकाबले
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। राहुल यादव के शानदार 87 रनों की बदौलत आरएससीसी दिल्ली ने आरबीआई मुंबई को 6 विकेट से शिकस्त देकर 24वीं ऑल इंडिया जेपी अत्रे मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के लीग मुकाबले में जीत दर्ज की। इसके साथ ही आरएससीसी दिल्ली को 4 अंक हासिल हुए। जीएमएसएसएस-26 में खेले जा रहे मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए आरबीआई मुबंई के सुमित के एक छक्के और 13 चौकों की मदद से 109 और चिराग परमार के 31 रनों की बदौलत 47.5 ओवर में सभी विकेट खोकर 216 रन बनाए। आरएससीसी दिल्ली की ओर से राहुल चौधरी ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 22 रन देकर 4 विकेट और सुनील दलाल ने 35 रन देकर 2 विकेट झटके। चिराग और सुमित के बीच छठे विकेट के लिए 74 रनों की साझेदारी हुई। लक्ष्य का पीछा करते हुए आरएससीसी दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही लेकिन टीम के मध्यक्रम के बल्लेबाज राहुल यादव के 5 छक्के और 8 चौकों की मदद से 87 रन और पार्थ के नाबाद 26 रनों की बदौलत 36.1 ओवर में ही 4 विकेट के नुकसान पर 217 रन बनाकर मैच जीत लिया। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 96 रनों की साझेदारी की। पराजित टीम की ओर से सुमित्रा सिंह ने 49 रन देकर 3 बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई।
बीटीएम क्रिकेट अकादमी ने एयर इंडिया दिल्ली को 4 विकेट से किया पराजित
दूसरे मैच में बीटीएम क्रिकेट अकादमी ने एयर इंडिया दिल्ली को 4 विकेट से पराजित किया। सेंट जॉन हाई स्कूल-26 में खेले गए मुकाबले में एयर इंडिया दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सागर दहिया के 76, कशिश के 37, सागर के 36 और वी पंचाल के नाबाद 30 रनों की बदौलत 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 301 रन बनाए। बीटीएम क्रिकेट अकादमी की ओर से नरेंद्र सिंह ने 75 रन देकर 3 विकेट और वरुण खन्ना ने 26 रन देकर 2 विकेट झटके। इसके जवाब में बीटीएम टीम की ओर से ओपनर बल्लेबाज रोहन मरवाह के 2 छक्कों व 9 चौकों की मदद से 97 रन और शरद लुंबा के 3 छक्कों और 13 चौकों की मदद से 96 रनों की बदौलत 46.5 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 305 रन बनाकर मैच जीत लिया। इस मैच में बेहतरीन बल्लेबाजी करने वाले शरद लुंबा को मैन आफ द मैच का अवार्ड देकर सम्मानित किया गया।