नार्मल हुई पानी की आपूर्ति
शुक्रवार को फिर से बंद हो सकती है जलापूर्ति
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। कजौली वाटर वर्क्स से चार फेजों की लाइनों को बंद करने से पिछले चार दिन से गहराया पानी का संकट सोमवार शाम को समाप्त हो गया। इन लाइनों को बंद करने का कारण फेज-पांच और छह की लाइन का इनटेक से कनेक्शन करना था। हालांकि सोमवार शाम पानी की आपूर्ति नार्मल हुई।
बता दें कि चार दिन तक पानी की किल्लत से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ऐसा पहला मौका है जब सर्दियों में पानी की किल्लत रही। नगर निगम सदन की बैठक में विपक्षी पार्षद इस मुद्दे को उठा सकते हैं। विपक्षी तो घेरेंगे ही पक्ष के पार्षद भी सवाल उठा सकते हैं।
मंगलवार को मेयर राजेश कालिया ने नगर निगम अधिकारियों और पंजाब के सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की है। बैठक में चर्चा की गई कि पानी की सप्लाई बंद होने पर शहर में किस प्रकार से जलापूर्ति की जाए ताकि लोगों को परेशानी न हो। किस तारीख को फिर से पानी आपूर्ति बंद की जानी है इस पर विशेषज्ञों से राय ली जा सकती है। कहां-कहां पानी का टैंकर पहुंचाया जाए, इस पर बुधवार को भी बैठक कर चर्चा की जाएगी। फिलहाल शुक्रवार को एक दिन के लिए पानी बंद करने की योजना है। यदि एक दिन में काम नहीं बना तो फिर से जलापूर्ति बंद हो सकती है।