पैट्रोल पंप पर 100 रुपये से ऊपर नहीं लेते 10 के सिक्के
- पेट्रोल पंप कर्मचारी ने मना किया दस के सिक्के लेने से तो बनाया वीडियो
- सोशल मीडिया पर वायरल
- पंप मैनेजर बोले- वो रोजाना केवल एक हजार रुपये के सिक्के ही बैंक में जमा करवा सकते हैं
अमर उजाला ब्यूरो
मनीमाजरा। बुधवार को आईटी पार्क स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें विशाल राणा नाम का युवक उक्त पेट्रोल पंप पर अपनी मोटरसाइकिल में पेट्रोल भरने आया। पंप के कर्मचारियों ने उसके द्वारा दिए गए दस-दस रुपये के सिक्के लेने से मना कर दिया। इसके बाद विशाल ने मोटरसाइकिल से पेट्रोल निकालते हुए कर्मचारी का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर डाल दिया।
इस बारे में पंप के मैनेजर राम सिंह ने बताया कि विशाल दोपहर को साढ़े बारह बजे उनके पंप पर आया और करीब दो सौ रुपये का पेट्रोल डलवाने के बाद उसने कर्मचारी को सभी दस-दस के सिक्के देने चाहे। इस पर कर्मचारी ने उसे सौरुपये के सिक्के और बाकी नोट देने को कहा। विशाल ने और नोट नहीं होने का हवाला देते हुए खुद ही मोटरसाइकिल से पेट्रोल निकालने के लिए कहा। जब कर्मचारी मोटरसाइकिल से पेट्रोल निकाल रहा था तो उसने इसका वीडियो बना लिया।
राम सिंह का कहना है कि बैंक द्वारा दिए निर्देशों के अनुसार वो रोजाना केवल एक हजार रुपये के सिक्के ही जमा करवा सकते हैं। इसके चलते उन्होंने 100 रुपये से ऊपर के सिक्के लेने से मना किया था।