संवाद न्यूज एजेंसी
राजपुरा। डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) ने राजपुरा के शंभू बॉर्डर से करीब 186 किलो गांजा जब्त किया है। डीआरआई की टीम ने नशे की इस खेप के साथ पांच तस्करों को भी गिरफ्तार भी किया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।
डीआरआई के अधिकारियों के अनुसार, उन्हें खुफिया सूत्रों से गांजे की खेप की तस्करी की जानकारी मिली थी। सूचना के आधार पर डीआरआई की टीम ने शंभू हाईवे पर नाकाबंदी कर दो संदिग्ध गाड़ियों को रोका और उनकी तलाशी ली। तस्करों ने गांजे को छिपाने के लिए गाड़ियों के अंदर एक गुप्त केबिन जैसा ढांचा बनाया हुआ था। डीआरआई की टीम ने दोनों गाड़ियों से 186 किलोग्राम गांजा बरामद किया। डीआरआई के मुताबिक, यह गांजा तस्करी के लिए लुधियाना ले जाया जा रहा था। डीआरआई ने पांच तस्करों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के के तहत मामला दर्ज किया है।