पंचकूला। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के 12वीं कक्षा के परिणाम में इस साल भी ट्राइसिटी में लड़कियों का दबदबा रहा। बढ़त ऐसी वैसी नहीं बल्कि पूरे 7.88 प्रतिशत की रही है। जोन के पांच राज्यों हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर एवं चंडीगढ़ में पिछले साल के मुकाबले बारहवीं कक्षा का परिणाम बेहतरीन रहा। साल 2018 में पास प्रतिशत 85.65 प्रतिशत रहा। वहीं, इस साल पास प्रतिशत 87.57 रहा है। इस बार सरकारी स्कूलों के मुकाबले निजी स्कूलों का रिजल्ट बेहतर रहा है। लड़कियों का ओवरऑल पास प्रतिशत 92.00 है जबकि 84.22 प्रतिशत लड़के पास हुए हैं।
बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी कर्नल सिंह के अनुसार, रीजन में इस बार 87.57 प्रतिशत विद्यार्थी सफल हुए हैं। पंचकूला जोन में इस बार मार्च-अप्रैल में आयोजित परीक्षा में 2,00,657 विद्यार्थी शामिल हुए थे। इनमें से 87.57 प्रतिशत बच्चे पास हुए हैं। उन्होंने बताया कि कुल 1,22,463 लड़कों ने बारहवीं की परीक्षा दी थी, जिनमें 96,163 पास हुए हैं। लड़कों का पास प्रतिशत 84.22 रहा हैं। इसी प्रकार 89408 लड़कियां ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 79,559 लड़कियां पास र्हुइं। लड़कियाें का पास प्रतिशत 92.00 रहा है। उन्होंने बताया कि सरकारी स्कूलों के लड़कों का पास प्रतिशत 78.30 रहा और 84.84 प्रतिशत लड़कियां पास हुईं। निजी स्कूलों के 83.85 प्रतिशत लड़के और 92.14 प्रतिशत लड़कियां पास हुईं। इसी प्रकार जवाहर नवोदय विद्यालयों के लड़कों का पास प्रतिशत 96.79 और लड़कियों का 98.75 रहा जबकि केवीएस स्कूलों के 98.75 लड़के और 99.10 प्रतिशत लड़कियां पास हुई हैं।