‘खेलो इंडिया’ में चंडीगढ़ का जीत से आगाज
मुंबई में चल रहे हैं हॉकी अंडर-17 और 21 के टूर्नामेंट
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। प्रधानमंत्री के प्रोजेक्ट ‘खेलो इंडिया’ में चंडीगढ़ के पुरुष हॉकी टीम ने जीत से आगाज किया है। हॉकी के अंडर-17 व 21 साल आयु वर्ग का उद्घाटन मुंबई के मुंबई एसोसिएशन ग्राउंड पर सोमवार को हुआ। पहले ही दिन चंडीगढ़ की हॉकी टीम ने टूर्नामेंट में जीत से शुरुआत की। अंडर-17 आयु वर्ग में चंडीगढ़ की पुरुष टीम ने झारखंड को एकतरफा मुकाबले में 3-0 से शिकस्त दी। सुरिंदर सिंह, रोहित और रमन ने 1-1 गोल दागा।
खेलो इंडिया के तहत अन्य खेलों का आयोजन 9 जनवरी से पुणे में होने जा रहा है। इसमें देशभर से अलग-अलग खेलों की टीमें पहुंच रही हैं। यूटी खेल विभाग के ज्वाइंट डायरेक्टर स्पोर्ट्स डॉ. महेंद्र सिंह खिलाड़ियाें का हौसला बढ़ाने मुंबई पहुंचे हैं। खेलो इंडिया में जो टीमें हिस्सा ले रही हैं, इनके बीच कंपीटीशन होगा। इसमें प्रदर्शन करने वाले सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियाें को चुना जाएगा। इसके बाद टीमों को तैयार किया जाएगा। चुने गए खिलाड़ियाें को सरकार की ओर से अगले 8 साल तक 5 लाख रुपये की इनामी राशि भी दी जाएगी। ‘खेलो इंडिया’ के लिए यूटी स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट से भी विभिन्न खेलों के लिए करीब 180 खिलाड़ी भेजे हैं। इनमें हॉकी, रेसलिंग, फुटबॉल, एथलेटिक्स की टीमें शामिल हैं।