नोट - संबधित फोटो ट्रैक में सेव
घुड़सवाराें के हैरतअंगेज करतबाें ने दर्शकों को मन मोहा
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। मिलिट्री लिटरेचर फेस्टिवल के आखिरी दिन सेना के पैरामोटरिस्टों द्वारा आकाश में ऐसे करतब दिखाए कि देखने वालों के रौंगटे खड़े हो गए। 1897 के सारागढ़ी के प्रसिद्ध युद्ध को लेकर नाटक के दौरान बड़े स्तर पर ट्राइसिटी के लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सेना, एनसीसी, पंजाब पुलिस के साथ स्थानीय क्लबों के घुड़सवारी शो के मुकाबले भी हुए। इसमें दर्शकों के सामने घुड़सवारों ने हैरतअंगेज करतब दिखाए। इस दौरान सैनिक महिला घुड़सवार ऋतिका दाहिया ने सलामी मार्चपास्ट के दौरान हिस्सा लिया। घुड़सवारी के शो के दौरान आग के गोले, खतरनाक बाधाओं को पार करना, जीपों और मोटर साइकिलों को कूदते समय घोड़े और उसके सवार की दलेरी और आपसी तालमेल देखने वाला था। सिक्स-बार शो जंपिंग के दौरान सूबेदार अशोक कुमार ने अपने घोड़े ‘ऑस्कर’ के साथ हैरतअंगेज करतब दिखाते सभी चुनौतियों को पार किया गया।
इस मौके पर बहुत से सेवा मुक्त सेना अधिकारियों के अलावा मुख्यमंत्री पंजाब के सीनियर एडवाइजर लैफ्टिनेंट जनरल (सेवा मुक्त) टी एस शेरगिल पीवीएसएम के साथ आर्मी सर्विस कोर्पस वेस्टर्न कमांड के मेजर जनरल राज पुरोहित, ब्रिगेडियर (सेवा मुक्त) प्रदीप शर्मा और कर्नल रसनिल चाहल उपस्थित थे। टी एस शेरगिल ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम भविष्य में करवाएं, जिससे हमारी रक्षा सेनाओं की समृद्ध विरासत के बारे जागरूकता लाई जा सके।